मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों को वीसी के माध्यम से दिया मार्गदर्शन
रतलाम । मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा सोमवार को प्रदेश के नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, महापौर, वार्ड पार्षदों इत्यादि की वीसी लेकर आगामी हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में मार्गदर्शन दिया, प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय निकायों में महापौर, वार्ड पार्षद तिरंगा फहराने को जनआंदोलन का रूप दे। आपके वार्ड के प्रत्येक घर तिरंगा झंडा फहराया जाए। आगामी 13 से 15 अगस्त की अवधि में आयोजित हर घर तिरंगा अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने तिरंगा झंडा फहराने को लेकर जो भी सृजनात्मक गतिविधियां आयोजित हो सकती हैं उनके आयोजन के लिए मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर रतलाम एनआईसी कक्ष में अपर कलेक्टर श्री एम.एल. आर्य, प्रभारी निगम आयुक्त श्री अभिषेक गहलोत, शहरी विकास अभिकरण परियोजना अधिकारी श्री अरुण पाठक, उपायुक्त नगर निगम श्री विकास सोलंकी तथा पार्षदगण उपस्थित थे।। वीसी के पश्चात निगमायुक्त श्री अभिषेक गहलोत ने पार्षदगणों तथा अधिकारियों के साथ विमर्श करके घर-घर तिरंगा अभियान के तहत शहर में विभिन्न स्थानों पर नवाचार के रूप में कई गतिविधियां आयोजित करने का निर्णय लिया। रचनात्मक तथा नवाचार गतिविधियों के लिए तत्काल कार्य योजना तैयार की जा रही है।