
रतलाम 13 अगस्त 2022। विधायक चेतन्य काश्यप ने शनिवार को रतलाम नगर में “हर घर तिरंगा अभियान”का शुभारंभ पद्मश्री डॉ. लीला जोशी के सुयोग परिसर स्थित घर से किया। इस दौरान महापौर प्रहलाद पटेल, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा मनोज शर्मा सहित क्षेत्रीय पार्षद, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
अभियान की शुरूआत में विधायक श्री काश्यप ने पद्मश्री डॉ. जोशी के घर तिरंगा लगाया। उसके बाद उनका सम्मान किया। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि व रहवासियों द्वारा विधायक, महापौर और निगम अध्यक्ष का स्वागत किया गया । विधायक काश्यप ने कहा कि घर-घर तिरंगा एक ऐसा आंदोलन है, जो हमारे राष्ट्र का गौरव बढ़ाता है। आजादी का 75वां वर्ष हम अमृत महोत्सव के रूप में मना रहे है। इस अमृत महोत्सव पर हम संकल्प ले कि जब आजादी का 100 वां वर्ष मनाएंगे, तब भारत पूरी दुनिया का सिरमोर होगा और भारत का युवा दुनिया का नेतृत्व करेगा।
पद्मश्री डॉ. जोशी ने विधायक को सुयोग परिसर कॉलोनी को नगर निगम में हस्तांतरित करने की मांग के साथ क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। विधायक श्री काश्यप ने महापौर श्री पटेल से चर्चा की। महापौर श्री पटेल ने डॉ. जोशी को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की समस्याओं को जल्द निराकृत किया जाएगा। डॉ. जोशी की उपस्थिति में क्षेत्र के रहवासियों ने विधायक श्री काश्यप व महापौर श्री पटेल को एक आवेदन देकर एक बालिका के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना में एक आवास उपलब्ध कराए जाने की मांग की। उन्होने बताया कि बालिका, उसकी माता के साथ क्षेत्र में किराए के घर में रहती है। उसके पिता का एक हादसे में निधन हो गया। माता घरों में काम करके परिवार चला रही है। डोसी गांव में आवास के लिए उनके द्वारा टोकन राशि जमा कराई गई थी। यदि इस परिवार को मुखर्जी नगर में ही प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध हो जाए, तो उनकी परेशानी खत्म हो जाएगी। विधायक श्री काश्यप और महापौर श्री पटेल ने इस पर हर संभव मदद के लिए आश्वस्त किया। डॉ. जोशी के निवास पर पार्षद भगत सिंह भदौरिया, निशा सोमानी, देवश्री पुरोहित, अनिता वसावा, मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित, कृष्णकुमार सोनी, जिला उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, पूर्व पार्षद पवन सोमानी, अनुज शर्मा, धर्मेंद्र देवड़ा, विवेक शर्मा आदि उपस्थित रहे। उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी ने दी।