रतलाम । घटना का संक्षिप्त विवरण– दिनांक 06 नवंबर 2026 को शाम करीब 05 बजे थाना दीनदयाल नगर पुलिस को एक अज्ञात शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा और सर्चिंग के दौरान शव बरामद किया गया। घटना संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस अधीक्षक रतलाम के निर्देशन में FSL टीम को मौके पर बुलाकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। जाँच के दौरान मृतक की पहचान रितेश पिता शंभू माईड़ा, निवासी दीनदयाल नगर, रतलाम के रूप में हुई। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें धारदार हथियार से एक से अधिक बार चोट पहुँचने के कारण मृत्यु होना पाया गया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर हत्या का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस कार्यवाही
घटना की गंभीरता के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण श्री विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर श्री राकेश पन्द्रो के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री सत्येंद्र घनघोरिया के नेतृत्व में थाना प्रभारी अनुराग यादव एवं थाना डीडी नगर की टीम का गठन किया गया। विवेचना के दौरान मृतक के परिजनों एवं परिचितों से पूछताछ में जानकारी मिली कि दिनांक 05 नवंबर 2026 की रात्रि को मृतक रितेश स्टेशन रोड क्षेत्र में आयोजित जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी में उसके साथ सौरभ वर्मा के साथ अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्तियों की तलाश की गई तो कुछ संदिग्ध अपने घरों से अनुपस्थित मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने उनकी तलाश तेज करते हुए दिनांक 08 नवंबर 2026 को सौरभ वर्मा एवं 03 विधि विरुद्ध बालकों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में सामने आया घटनाक्रम
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दिनांक 05 नवंबर की रात्रि जन्मदिन की पार्टी के दौरान रितेश का अन्य युवकों से विवाद हुआ था। पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि विवाद के बाद उन्होंने रितेश को शराब पिलाने के बहाने विरियाखेड़ी स्थित ईंट भट्टे पर ले जाकर पुनः विवाद किया तथा चाकू से गले, पेट एवं पीठ पर कई वार किए, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से चार पहिया वाहन बुलाया गया। शव को वाहन की डिक्की में रखकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया तथा बाद में झामण क्षेत्र में अंदर की ओर सुनसान स्थान पर फेंककर छिपा दिया गया।
पुलिस द्वारा आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियार, वाहन तथा अन्य साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका एवं घटना से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी–
- सौरभ वर्मा, 03 अन्य नाबालिक
सराहनीय भूमिका– उक्त कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्येंद्र घंघोरिया, थाना प्रभारी दीनदयाल नगर उप निरीक्षक अनुराग यादव, उप निरीक्षक राजेंद्र चौहान, सहायक उप निरीक्षक बसील गनावा, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र, आरक्षक संदीप कुमावत, आरक्षक दीपक सिंह एवं आरक्षक राजू गरवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।