रतलाम । कलेक्टर श्री नरेन्द्र सूर्यवंशी ने बुधवार को एक बैठक में सी.एम. हेल्पलाईन के तहत बैंकों में लंबित शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की। बैंकर्स को निर्देशित किया कि शासन हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत गरीब, कमजोर वर्गों को लाभ देने के लिए कृत संकल्पित है। बैंकर्स सुनिश्चित करें कि शासकीय विभाग द्वारा बैंक में लगाए गए प्रकरण की स्वीकृति संवेदनशीलता के साथ की जाए। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी, एसडीएम श्री संजीव पाण्डे, एलडीएम श्री दिलीप सेठिया, ब्रांच मैनेजर श्री संदीप श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बैंकर्स को निर्देशित किया कि सी.एम. हेल्पलाईन में प्राप्त शिकायतों को अनिवार्य रुप से अटेण्ड किया जाए, अटेण्ड नहीं करना गंभीर अपराध है। शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लक्ष्य गरीब, कमजोर वर्गों के हितग्राहियों तथा अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछडा वर्गों के लोगों का आर्थिक उत्थान करना है। आर्थिक उत्थान के साथ-साथ व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा में भी वृद्धि होती है। शासन के लक्ष्य की पूर्ति करके बैंकर्स कल्याण में सहभागी बनें। कलेक्टर द्वारा बैंकवार लंबित सी.एम. हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी ने बैंकर्स को सायबर फ्राड के सम्बन्ध में जानकारी दी। उन्होंने पुलिस विभाग द्वारा सायबर फ्राड के सम्बन्ध में की जाने वाली कार्यवाहियों से अवगत करवाया। साथ ही बैंकर्स से भी अपेक्षा की कि वे सायबर फ्राड के मामल्ो में सतर्कता बरतेंगे तो आम आदमी का भला होगा।