रेलवे बोर्ड अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार ने इंदौर-उज्जैन क्षेत्र में रेलवे विकास एवं निर्माण कार्यों की व्यापक समीक्षा की

  • सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर इंदौर एवं उज्जैन क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण
  • समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

रतलाम, 6 सितम्बर। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार ने इंदौर एवं उज्जैन क्षेत्र में रेलवे के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का व्यापक निरीक्षण एवं समीक्षा की। इस दौरान आगामी सिम्हस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए यात्री सुविधाओं, स्टेशन विकास, परिचालन क्षमता तथा अधोसंरचना से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया और सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
श्री कुमार ने महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे श्री रामाश्रय पाण्डेय मंडल रेल प्रबंधक रतलाम श्री अश्वनी कुमार सहित मंडल एवं निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर इंदौर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकाश, शास्त्री ब्रिज सहित सभी परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली तथा कार्यों का पुनरीक्षण किया।का निरीक्षण कर स्टेशन पर चल रहे निर्माण एवं पुनर्विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर माननीय जल संसाधन मंत्री मध्य प्रदेश शासन श्री तुलसीराम सिलावट तथा माननीय सांसद, इंदौर श्री शंकर लालवानी ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार से मुलाकात कर इंदौर क्षेत्र रेलवे के विकाश एवं अन्य मुद्दों पर चर्चा की। इसके साथ ही सिम्हस्थ-2028 सहित भविष्य में बढ़ने वाले यात्री भार को ध्यान में रखते हुए रेलवे की तैयारियों एवं योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
रेलवे बोर्ड अध्यक्ष एवं पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक ने शास्त्री ब्रिज का निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्य की समय-सीमा एवं प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
इसके अतिरिक्त श्री कुमार ने लक्ष्मीबाई नगर, देवास, विक्रम नगर, उज्जैन, नईखेड़ी, पिंगलेश्वर एवं चिंतामन गणेश रेलवे स्टेशनों एवं संबंधित रेल परिसरों का निरीक्षण किया। इन सभी स्थानों पर आगामी सिम्हस्थ-2028 के दौरान संभावित यात्री आवागमन एवं अतिरिक्त यात्री भार को ध्यान में रखते हुए स्टेशन सुविधाओं, यात्री प्रबंधन, अधोसंरचना तथा विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई।
विक्रम नगर रेलवे स्टेशन पर माननीय सांसद, उज्जैन श्री अनिल फिरोजिया को रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार ने क्षेत्र में चल रहे रेलवे के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। इस दौरान सिम्हस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा की जा रही तैयारियों एवं प्रस्तावित कार्यों के संबंध में भी जानकारी साझा की गई।

उज्जैन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
उज्जैन रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के पश्चात अवंतिका होटल, उज्जैन में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय की उपस्थिति में संबंधित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उज्जैन एवं आसपास के क्षेत्रों में रेलवे द्वारा किए जा रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों, सिम्हस्थ-2028 की तैयारियों तथा यात्री सुविधाओं से संबंधित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में विशेष रूप से सिम्हस्थ मेले के दौरान संभावित अत्यधिक यात्री दबाव को ध्यान में रखते हुए स्टेशन क्षमता में वृद्धि, यात्री सुविधाओं का विस्तार, यात्री आवागमन एवं प्रबंधन, परिचालन व्यवस्था तथा आवश्यक अधोसंरचना के समयबद्ध विकास पर जोर दिया गया।
श्री सतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिम्हस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे सभी कार्यों में समयबद्धता, गुणवत्ता, सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सिम्हस्थ-2028 जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान रेलवे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। इसलिए उज्जैन एवं आसपास के सभी संबंधित स्टेशनों पर आवश्यक सुविधाओं एवं अधोसंरचना को समय रहते विकसित किया जाना आवश्यक है, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं बेहतर रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके। इस पूरे निरीक्षण के दौरान पश्चिम रेलवे एवं रतलाम मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *