श्रीमती शर्मिला उपाध्याय एवं श्री राजेश महेश्वरी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला सम्मान


रतलाम 6 सितंबर । जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री सिमरन सूर्यवंशी ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचारों के लिए शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में रतलाम जिले के दो शिक्षकों को सम्मानित किया गया। शासकीय प्राथमिक विद्यालय हल्दुखाली की शिक्षिका श्रीमती शर्मिला उपाध्याय तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुंदड़ी के शिक्षक श्री राजेश महेश्वरी को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।
समारोह में महामहिम राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया।
शासकीय प्राथमिक विद्यालय हल्दुखाली की शिक्षिका श्रीमती शर्मिला उपाध्याय को कक्षा 1 से 8 प्राथमिक वर्ग में शिक्षा के क्षेत्र में क्रियात्मक अनुसंधान, नवाचार, गतिविधि आधारित शिक्षण कार्य तथा स्थानीय वस्तुओं से निर्मित टीएलएम सामग्री के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया। उनके द्वारा विद्यार्थियों एवं समुदाय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करने के साथ ही विद्यालय में रुचिपूर्ण एवं भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण का निर्माण किया गया।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुंदड़ी के शिक्षक श्री राजेश महेश्वरी को माध्यमिक वर्ग (कक्षा 9 से 12) में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया।