रतलाम । महापौर श्री प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता में आयोजित महापौर परिषद की पहली बैठक में 10 दिवसीय श्री कालिका माता नवरात्री मेला आयोजन, प्रधानमंत्री आवास योजना के फ्लेट व दुकान आवंटन प्रक्रिया की स्वीकृति प्रदान की गई।
महापौर श्री प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता में आयोजित महापौर परिषद की बैठक में 26 सितम्बर से 05 अक्टूबर तक आयोजित 10 दिवसीय श्री कालिका माता नवरात्री मेले को शरद पूर्णिमा तक आयोजित किये जाने, मेले में उच्च स्तरीय गरीमामयी सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्यवस्थित रूप से दुकान-झूले आदि के ब्लॉक आवंटन, साफ-सफाई, विद्युत सज्जा, यातायात को दृष्टिगत रखते हुए सायकल स्टैण्ड लगाये जाने के निर्देश दिये।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डोसीगांव में निर्मित एलआईजी फ्लेट विक्रय प्रक्रिया के तहत 10 प्रतिशत पंजीयन राशि रूपये 1,35,000/- जमा कराने वाले हितग्राही श्री नरेश सिन्हा, श्री कुलदीप सिंह सोनी व श्री रोशन कुमार खोड़े को शेष अंतर की राशि जमा कराने हेतु अस्थाई आवंटन पत्र जारी करने तथा पूर्ण आरक्षित मूल्य की राशि जमा होने पर रजिस्ट्री एवं कब्जा दिये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। इसी तरह दुकान क्रमांक एस-6 की निविदा में प्राप्त दर निर्धारित आरक्षित मूल्य से अधिक होने पर निविदाकार श्री अजय कुमार वर्मा की दर को स्वीकृति प्रदान की गई।
आयोजित बैठक में महापौर श्री प्रहलाद पटेल के अलावा महापौर परिषद सदस्य सर्वश्री भगतसिंह भदौरिया, पप्पू पुरोहित, धर्मेन्द्र व्यास, दिलीप व्यास, विशाल शर्मा, अक्षय संघवी, राजू सोनी, रामलाल डाबी, श्रीमती अनिता कटारा, कार्यपालन यंत्री सर्वश्री सुरेशचन्द्र व्यास, जी.के. जायसवाल, मोहम्मद हनीफ शेख, प्रभारी सहायक यंत्री श्री श्याम सोनी, निगम सचिव श्री बी.एल. चावरे के अलावा सर्वश्री राजेन्द्र पुरोहित, राजेन्द्रसिंह गेहलोत, राजेन्द्र शर्मा आदि उपस्थित थे।