रतलाम । मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का प्रारंभ 17 सितंबर से हो रहा है। अभियान के तहत कल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी द्वारा शुक्रवार को प्रातः समस्त बैंकर्स की एक बैठक आयोजित कर दिशा निर्देशित किया गया। सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े उपस्थित थी।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री स्ट्रीट वेण्डर योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत हितग्राहियों को अधिकाधिक रूप से लाभान्वित किया जाना है। इसके अलावा कृषि, पशु चिकित्सा तथा मत्स्य विभागों द्वारा उनके किसान हितग्राहियों के लिए केसीसी तैयार करवाए जा रहे हैं जिनका वितरण भी अभियान के दौरान होगा। जिला अग्रणी बैंक द्वारा जीवन ज्योति योजना तथा अटल ज्योति योजना के लाभ वितरित किए जाना है। कलेक्टर ने आगामी 31 अक्टूबर तक जनसेवा अभियान के समस्त लक्ष्य प्रकरणों की स्वीकृति तथा वितरण के लिए निर्देशित किया।
बैठक में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि श्री शिवांग भानवड़िया, नाबार्ड के जिला प्रबंधक श्री एन.के. सोनी, स्वयंसेवी संगठन स्वाधार फिनोलेक्स की क्षेत्रीय प्रबंधक मुंबई से आई सुश्री जमुना खत्री, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री दिलीप सेठिया उपस्थित थे। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बैंकर्स को निर्देशित किया कि राज्य शासन की मंशानुसार उदारतापूर्वक शासकीय कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए प्रकरणों की स्वीकृति तथा वितरण में सहभागी बने। कलेक्टर द्वारा सभी शासकीय विभागों को निर्देशित किया गया कि आगामी 20 सितंबर तक बैंकों में विभागवार प्रकरण लगा दिए जाए।