

रतलाम । मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान रविवार सुबह रतलाम जिले में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रदेश के जबलपुर से वर्चुअल सम्मिलित हुए। संस्था हार्टफुलनेस श्री रामचंद्र मिशन द्वारा जिले के जावरा नगर से लगभग 6 किलोमीटर दूरस्थ 24 वीं बटालियन की 6 हेक्टेयर की पहाड़ी भूमि पर रविवार सुबह वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें मुख्यमंत्री श्री चौहान वर्चुअल सम्मिलित हुए। संस्था हार्टफुलनेस के प्रमुख डॉ. कमलेश पटेल भी वृक्षारोपण कार्यक्रम में हैदराबाद से वर्चुअल सम्मिलित हुए। वृक्षारोपण स्थल पर रतलाम कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी, जावरा एसडीएम श्री हिमांशु प्रजापति, सीएसपी श्री अभिषेक आनंद, संस्था के श्री गजेंद्र गौतम, श्री सुबोध शर्मा, श्री सर्वानंद, 24 बटालियन के अधिकारी श्री रवि सोनेर, सुश्री बिंदु परमार आदि उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा वर्चुअल संबोधन में संस्था द्वारा आयोजित वृक्षारोपण कार्य की सराहना की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन में सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एक वृक्ष ना केवल मनुष्य को जीवन देता है बल्कि उस पर हजारों लाखों जीव-जंतुओं, कीट पतंगों का जीवन पलता है, पक्षियों का निवास होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं अपने प्रत्येक दिवस की शुरुआत वृक्षारोपण से करते हैं। वृक्षारोपण में सहभागिता कर रहे व्यक्तियों को बधाई देते हुए तथा संस्था के आयोजन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आपने मध्यप्रदेश को एक नई प्रेरणा दी है। वे एक दिन जावरा आकर इस पहाड़ी पर वृक्षारोपण देखेंगे, स्वयं भी पौधारोपण करेंगे।
इस दौरान कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी ने संबोधित करते हुए कहा कि रतलाम जिले में अंकुर अभियान के तहत लाखों की संख्या में पौधों का रोपण किया गया है, आगे भी कार्य सतत जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी ने भी वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान कलेक्टर] पुलिस अधीक्षक के अलावा एसडीएम श्री हिमांशु प्रजापति ने भी वृक्षारोपण किया। लगभग 300 व्यक्तियों द्वारा वृक्षारोपण में सहभागिता की गई।