रतलाम । मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत सेवा पखवाडा के अंतर्गत ऊर्जा साक्षरता अभियान के प्रति जागरुकता उत्पन्न करने हेतु एक कार्यशाला का आयोजन शुक्रवार को प्रातः कलेक्ट्रेट सभागृह में किया गया।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारी, कर्मचारियों, शासकीय, गैर शासकीय शैक्षणिक संस्थाओं, नगरीय एवं ग्रामीण निकायों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, एन.सी.सी., एनएसएस आदि वर्गों को ऊर्जा साक्षरता अभियान के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित कार्यशाला में महापौर श्री प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री केसुराम निनामा, कलेक्टर श्री नरेन्द्र सूर्यवंशी, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिडे, जनपद अध्यक्ष श्रीमती साधना जायसवाल, सांसद प्रतिनिधि श्री राजेन्द्र पाटीदार, अधीक्षण यंत्री श्री सुरेश वर्मा, श्री सुरेश पाटीदार, श्री राकेश पाटीदार, श्री मोहन मुरलीवाला, गायत्री परिवार प्रांतीय युव संयोजक श्री विवेक चौधरी, श्री विजय शर्मा, श्री नवोदित बैरागी आदि उपस्थित थे।
महापौर श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि अगर हम कुछ वर्षों के पूर्व के जीवन का अध्ययन करेंगे तो पाएँगे कि उस समय श्रम अधिक था और सुविधा कम, लेकिन स्वास्थ्य भरपूर था। आज सुविधाओं के चक्कर में स्वास्थ्य के साथ समझौता हो रहा है। मशीनी चक्की और हाथ की चक्की के उत्पाद की गुणवत्ता में अंतर होता है। आपने कहा कि मेरे घर पर सोलर बिजली का प्लांट लगा है जिससे बिजली बिल में बचत होती है। रूफ वाटर हार्वेस्टिंग (बारिश में छतों के जल के संरक्षण) से पानी, ऊर्जा और धन की बचत के साथ-साथ स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है। बारिश के जल में वर्तमान भूमिगत जलस्त्रोत की तुलना में टीडीएस काफी कम होता है जिससे आरओ की आवश्यकता घटती है। यह ऊर्जा संरक्षण कार्यशाला निश्चित रूप से आने वाले समय में बहुत उपयोगी साबित होगी।
सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिडे कहा कि ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में यह अभियान महत्वपूर्ण कदम है। अगर हम अपने जीवन में ऊर्जा संरक्षण के लिए कुछ छोटे-छोटे कदम उठा ले तो ऊर्जा संरक्षण एवं धन की बचत संभव है। आने वाले समय के लिए आज के उपाय बहुत उपयोगी सिद्ध होंगे।
अधीक्षण यंत्री श्री वर्मा ने कहा कि सोलर बिजली प्लांट बहुत उपयोगी साबित हो रहे है। इनसे ऊर्जा के साथ-साथ उपभोक्ताओं के धन की बचत हो रही है। कृषि क्षेत्र के सोलर प्लांट पर तो 60 प्रतिशत तक की सब्सिडी है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने उषा एप्प के बारे में विस्तार से समझाया। मध्यप्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे ऊर्जा संरक्षण साक्षरता के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों की पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी। साथ ही बिजली बचत की छोटी-छोटी लेकिन बड़ी उपयोगी जानकारियां उपस्थिति प्रतिभागियों के साथ साझा की। इस अवसर पर ऊर्जा संरक्षण की शपथ महापौर श्री पटेल द्वारा दिलवाई गई।