सांसद श्री लालवानी की उपस्थिति में अति कुपोषित बच्चों के लिये वितरित की गई विशेष न्यूट्रीशियन किट
इन्दौर । इंदौर जिले में चल रहे राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत कलेक्टर श्री मनीष सिंह के निर्देशन में अति कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिये अनूठी पहल शुरू की गई है। इसके तहत अति कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर को सुधारने के लिये विशेष न्यूट्रीशियन किट देने का कार्य प्रारंभ किया गया है। इसकी शुरूआत आज यहां कलेक्टर कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में सांसद श्री शंकर लालवानी के मुख्य आतिथ्य में की गई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री मनीष सिंह, अपर कलेक्टर श्री अभय बेड़ेकर, सहायता संस्था के पदाधिकारी तथा समाजसेवी श्री अनिल भंडारी, महिला एवं बाल विकास के कार्यक्रम अधिकारी श्री रामनिवास बुधोलिया भी मौजूद थे। कार्यक्रम में अति कुपोषित बच्चों के लिये न्यूट्रीशियन किट का वितरण अतिथियों द्वारा किया गया। उक्त किट के लिये सहायता संस्था के श्री अनिल भंडारी द्वारा दो लाख रूपये प्रदान किये गये है।
अति कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिये दी जाने वाली विशेष न्यूट्रीशियन किट में राजगिरे के लड्डू, भूना चना, खोपरे का गोला, सत्तु, मुंगफली एवं गुड़ की चिक्की और खजूर पर्याप्त मात्रा में रखें गये है। यह किट सहायता संस्था द्वारा 600 अति कुपोषित बच्चों के लिये प्रदाय की गई है। यह किट लगभग डेढ़ से दो माह तक चलेगी। इसके उपयोग से अति कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में अपेक्षित सुधार आयेगा। इस अवसर पर प्रतीक के रूप में 15 बाल परियोजनाओं की 15 आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को उक्त किट वितरित की गई। कार्यक्रम में मौजूद महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाईजर आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिये कि उक्त किट सभी अति कुपोषित बच्चों को घर-घर जाकर अनिवार्य रूप से दी जाये। संबंधित आँगनवाड़ी कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करे कि उक्त किट का उपयोग अति कुपोषित बच्चे द्वारा ही किया जाये। बताया गया कि इंदौर जिले में अति कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिये अनेक पहल की जा रही है।