रतलाम । जिले में 7, 8 तथा 9 अक्टूबर को सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर अन्न उत्सव आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री नरेन्द्र सूर्यवंशी द्वारा निर्देशित किया गया है कि सभी उचित मूल्य दुकानों पर आवंटन अनुसार खाद्यान्न का प्रदाय सुनिश्चित किया जाए।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एस.एच. चौधरी ने बताया कि जिले की 522 उचित मूल्य दुकानों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा सतर्ककता समिति के सदस्यों की उपस्थिति में 7, 8 तथा 9 अक्टूबर को अन्न उत्सव आयोजित किया जाएगा। अन्न उत्सव में माह सितम्बर के शैष रहे पात्र परिवारों को रियायती दर पर नियमित एवं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा तथा माह अक्टूबर का नियमित एवं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। अन्न उत्सव के पर्यवेक्षण हेतु प्रत्येक उचित मूल्य दुकान पर नोडल अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है। श्री चौधरी ने बताया कि प्रत्येक उचित मूल्य दुकान पर पात्र हितग्राहियों से फीडबैक फार्म भी भरवाए जाएंगे। जिले में उक्त आयोजन की मानिटरिंग हेतु सहायक संचालक, खाद्य संचालनालय भोपाल को नियुक्त किया गया है, उनके द्वारा भी जिले में भ्रमण कर अन्न उत्सव आयोजन का पर्यवेक्षण किया जाएगा। उपभोक्ताओं को राशन प्राप्त करने में यदि कोई कठिनाई, समस्या हो तो जिला स्तरीय पीडीएस नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 07412-270414 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।