भारी वर्षा से हुए नुकसान का किसानों को मुआवजा दिया जाए

भाजपा किसान मोर्चा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रतलाम। जिला भाजपा किसान मोर्चा ने कलेक्टर नरेन्द्रकुमार सूर्यवंशी को जिले में दिनांक 2 अक्टूबर 2022 से 8 अक्टूबर 2022 तक हुई वर्षा से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई हेतु मुआवजा देने की मांग की है। किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष रामसिंह सिसोदिया, महामंत्री बद्रीलाल चौधरी के नेतृत्व में मोर्चा के प्रतिनिधि मण्डल ने शनिवार को इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि भारी वर्षा से जिले के किसान भाइयों की खरीफ फसल सोयाबीन जो खेत में खड़ी है उसमें भारी नुकसान हो रहा है, ऐसे में किसानों के सामने बड़ी विकट स्थिति पैदा हो गई है। इसलिए संपूर्ण जिले की सभी तहसीलों में किसानों की सोयाबीन फसल की हानि का मुआवजा तथा जिन किसानों ने फसल बीमा करवा रखा है उनको फसल बीमा क्लेम स्वीकृत करवाने के लिए फसल बीमा कंपनी को निर्देश दिए जावे और जिन किसान भाइयों का सरकारी बैंक व समितियों में डिफाल्टर होने से फसल बीमा नहीं हुआ उन्हें मुआवजा की राशि स्वीकृत कर राहत प्रदान की जावे। इसके साथ ही एक मांग और भी की गई कि गत वर्ष 2021 का फसल बीमा भी शीघ्र किसानों के खाते में जमा किया जावे। किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कृषि मंत्री कमल पटेल एवं उप संचालक कृषि रतलाम के नाम भी दिया। ज्ञापन देते समय प्रतिनिधि मंडल में सुखबीर सिंह चौधरी उपसरपंच महेंद्र सिंह सिसोदिया उपसरपंच रघुवीर सिंह शक्तावत किसान मोर्चा जिला मंत्री प्रदीप सिंह सोनगरा महेंद्र सिंह पवार विधायक प्रतिनिधि रतलाम ग्रामीण दिनेश सेन आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

Play sound