खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्री रामखेलावन पटेल की उपस्थिति में सेजावता में 1083 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया

  • सरवन में 1396 हितग्राही लाभान्वित हुए
  • मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत शिविर आयोजित हुए

रतलाम । मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत रतलाम जिले के लिए नियुक्त खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री राम खेलावन पटेल की उपस्थिति में ग्राम सेजावता तथा सरवन में शुक्रवार को शिविर आयोजित किए गए। सेजावता शिविर में 1083 हितग्राही लाभान्वित किए गए। इसी प्रकार सरवन शिविर में 1396 हितग्राही लाभान्वित किए गए। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत आयोजित शिविरों में विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष श्री राजेश अग्रवाल, कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, श्री नारायण मईडा, श्री बद्रीलाल चौधरी, पूर्व किसान आयोग के अध्यक्ष श्री पाटीदार, रतलाम जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती साधना जायसवाल आदि उपस्थित थे। शिविरों में सभी जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के क्रियान्वयन में रतलाम जिला प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल है। नि:शुल्क राशन वितरण योजना में जिन लोगों के पास पात्रता पर्ची नहीं है वह आवेदन कर देवें, उनकी पात्रता पर्ची अधिकारी बनाकर दे देंगे। उज्जवला योजना में भी जिनके पास गैस कनेक्शन नहीं है वह आवेदन कर देवें। भारत शासन द्वारा 2024 तक सभी व्यक्तियों को पक्के आवास उपलब्ध करा दिए जाएंगे। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत सभी घरों में नल से जल मिलेगा।
मंत्री श्री राम खेलावन पटेल ने कहा कि जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में रतलाम जिला अग्रणी होकर अभियान के तहत कार्य कर रहा है। जिला कलेक्टर श्री सूर्यवंशी तथा अधिकारियों द्वारा बहुत अच्छा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं के तहत जो भी पात्र व्यक्ति हैं वे लाभ लेने से वंचित नहीं रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।
विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे ने सेजावता शिविर में कहा कि कल्याणकारी योजनाओं के तहत अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति की परेशानी दूर की जा रही है। मुख्यमंत्री की लाडली लक्ष्मी योजना बालिका सशक्तिकरण का अनुपम उदाहरण है। जिले में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए डॉ. पांडे ने कलेक्टर श्री सूर्यवंशी की सराहना की। शिविरों में नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष श्री राजेश अग्रवाल ने भी संबोधन में भारत शासन तथा राज्य शासन की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। शिविरों में कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को मंत्रीगणों द्वारा लाभ वितरित किए गए।
ग्राम पंचायत सेजावता में आयोजित शिविर में हितग्राहियों को लाभ वितरण किया गया उनमें किसान क्रेडिट कार्ड (पशुपालन) में 8, भवन एवं संनिर्माण कर्मकार श्रमिक पंजीयन में 2, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में 1, इंदिरा गांधी विधवा पेंशन योजना में 1, लाडली लक्ष्मी योजना में 2, प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना में 1, किसान क्रेडिट कार्ड (कृषि) में 3, राजस्व विभाग अन्तर्गत 6, आयुष्मान कार्ड में 3, पात्रता पर्ची में 2, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में 2 तथा मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता ऋण योजना में 2, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में 1, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में 3 तथा के.सी.सी. में 2 हितग्राही शामिल हैं।

Play sound