शिविरों में प्राप्त आवेदनों के अलावा बचे हुए हितग्राहियों का पता लगाकर लाभान्वित करो

  • खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्री राम खेलावन पटेल ने रतलाम जिले में जन सेवा अभियान की समीक्षा की

रतलाम । प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्री रामखेलावन पटेल ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक विशेष बैठक लेकर रतलाम जिले में संचालित मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा की। मंत्रीगणों ने निर्देशित किया कि अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे शिविरों में जो भी आवेदन प्राप्त हो रहे हैं उनको शत-प्रतिशत रूप से लाभान्वित करना है। इसके अलावा शासन की कल्याणकारी योजनाओं के तहत बचे हुए हितग्राहियों को भी गहन सर्वे द्वारा चिन्हित करके लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। बैठक में जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे, नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष श्री राजेश अग्रवाल, महापौर श्री प्रहलाद पटेल, कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी द्वारा मंत्रीगणों को जिले में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान की प्रगति की जानकारी में बताया गया कि प्रशासन द्वारा अधिकाधिक पात्र आवेदकों को लाभ दिया जा रहा है, अभी मात्र 5 प्रतिशत आवेदन निराकरण से शेष बचे हैं। हमारा लक्ष्य आगामी 25 अक्टूबर तक अभियान के शत-प्रतिशत लक्ष्य को अर्जित करना है।
बैठक में मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह तथा श्री राम खिलावन पटेल ने निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण करते हुए सभी हितग्राहियों को लाभान्वित करना है, साथ ही जो व्यक्ति शिविरों में नहीं आए हैं उनका पता करें, उनको ढूंढ कर लाभान्वित करें। इसके लिए विशेष अभियान भी संचालित करें। पात्रता पर्ची दिलवाने के लिए मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों को बीपीएल सूची में सम्मिलित करने हेतु विशेष अभियान संचालित करें ताकि पात्रता पर्ची बन सके। श्री बिसाहूलाल सिंह ने यह भी निर्देशित किया कि उज्जवला योजना में गैस कनेक्शन से जो भी परिवार वंचित है उनका भी पता करके लाभान्वित करें।
बैठक में मंत्रीगणों ने कृषि विभाग उद्यानिकी तथा मत्स्य विभागों के तहत किसानों को क्रेडिट कार्ड शत-प्रतिशत रूप से उपलब्ध कराने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की प्रगति से भी अवगत हुए, स्वच्छ भारत अभियान में प्रगति की सराहना की। मंत्री श्री पटेल ने निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों के परीक्षण के लिए पूरे वर्ष में प्रत्येक विकासखंड में दो बार अलग-अलग स्थानों पर शिविर आयोजित कर लाभान्वित किया जाए।
इस दौरान जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे ने भी कहा कि शासकीय योजनाओं के व्यापक प्रचार प्रसार के लिए कार्यालय परिसरों में भी फ्लेक्स लगवाए जाएं। डॉ. पांडे ने यह भी कहा कि शासन की औद्योगिक नीति के तहत जिले में जिन लोगों द्वारा योजनाओं का लाभ उठाया है परंतु औद्योगिक उत्पादन के क्षेत्र में कार्य नहीं किया जा रहा है, उनसे सुविधाएं वापस लेकर नए एंटरप्रेन्योर्स को मौका दिया जाए। इस संबंध में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा महाप्रबंधक उद्योग को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया। विधायक द्वारा बताए गए विषय के संबंध में सूची बनाने हेतु कलेक्टर ने निर्देशित किया। मंत्रीगणों ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना का व्यापक लाभ देने के लिए विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह तथा श्री पटेल ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना एवं अटल पेंशन योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। कहा कि उक्त योजनाओं में छोटी सी प्रीमियम राशि पर बड़ा लाभ मिलता है। मंत्रीगणों द्वारा समीक्षा में रतलाम जिले की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया।

Play sound