सभी निर्माण विभाग प्रवासी श्रमिको को रोजगार देने की व्यवस्था करें-कलेक्टर श्री जैन

शाजापुर | लॉकडाउन के कारण जिले में बाहर से आए प्रवासी श्रमिको को रोजगार उपलब्ध कराने की सभी निर्माण विभाग व्यवस्था करें। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री दिनेश जैन ने आज कलेक्टर सभाकक्ष में सम्पन्न हुई बैठक में निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती शिवानी वर्मा, महाप्रबंधक उद्योग श्री अरूण राणे, कार्यपालन यंत्री जलसंसाधन श्री डी.के. जैन, पीआईयू श्री राजेश रायकवार, गृह निर्माण मण्डल श्री नितिन शर्मा, सहायक प्रबंधक ग्रामीण सड़क प्राधिकरण श्री एम.पी. पटेल, श्रमपदाधिकारी श्री रामगोपाल रजक, जिला रोजगार अधिकारी श्री जे.एस. निंगवाल उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि जिले में आए प्रवासी श्रमिको को हुनर (स्किल) को दृष्टिगत रखते हुए सभी नियोजको की आवश्यकता से जोड़ने के लिए रोजगार सेतु पोर्टल बनाया गया है। प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उ़द्योगो, लोक निर्माण, जल संसाधन, नगरीय प्रशासन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास जैसे अन्य निर्माण विभागो में ठेकेदारो या एजेंसियों के माध्यम से प्रवासी मजदूरो को रोजगार उपलब्‍ध कराए। सभी निर्माण विभाग ठेकेदारों से अनुरोध करे कि कुछ समय के लिए इन श्रमिको को रोजगार उपलब्ध करा दे। कलेक्टर ने जिला रोजगार अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में आए सभी श्रमिको की सूची बनाकर निर्माण विभागो को दे। जिले में कुल 2626 प्रवासी श्रमिक आए है, जिसमें जनपद पंचायत मो. बड़ोदिया में 830, शाजापुर में 599, शुजालपुर में 590, कालापीपल में 509, नगरीय निकाय शुजालपुर में 39, पानखेड़ी में 29, अकोदिया में 11 एवं मक्सी में 08 प्रवासी श्रमिक आए है। इन श्रमिको को रोजगार उपलब्ध कराया जाना है।