मुसीबत के दिनों में लीलाबाई को सहारा दिया संबल योजना ने

रतलाम। किसी परिवार के मुखिया की अचानक ही मृत्यु हो जाने से उस परिवार पर क्या गुजरती है यह समझा जा सकता है। दुख की घड़ी और भी विकट हो जाती है जब परिवार के लिए आय उपार्जन करने वाला वाला वह मुखिया ही एकमात्र व्यक्ति हो। ऐसा ही रतलाम जिले के सैलाना की रहने वाली श्रीमती लीलाबाई पांचाल के साथ हुआ जब उनके पति की अचानक हृदयाघात से मृत्यु हो गई। इस दुख की घड़ी में परिवार के सामने आर्थिक संकट आ खड़ा हुआ। इस मुसीबत के समय में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा पुनः लागू की गई संबल योजना लीलाबाई के परिवार का सहारा बनी। जब मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने भोपाल वीसी के माध्यम से रतलाम एनआईसी कक्ष में उपस्थित लीलाबाई से बात की, उनको ढांढस बंधाया और राज्य शासन ने लीलाबाई के बैंक खाते में संबल योजना से दो लाख रुपए उपलब्ध कराए।
संबल योजना से मिली 2 लाख रूपए की राशि लीलाबाई और उसके परिवार के लिए एक बड़ा सहारा बनी है। लीलाबाई के पति श्री गोवर्धनलाल पांचाल जो कारपेंटर का कार्य करते थे उनकी विगत फरवरी माह में हृदयाघात से अपने निवास पर मृत्यु हो गई थी। वह पत्नी के अलावा 2 पुत्र, पुत्रवधू एवं अपने पौत्र के लिए बड़ा सहारा थे। उनकी कमाई से घर चलता था लेकिन उनकी अचानक मृत्यु हो जाने से परिवार के सामने मुसीबत खड़ी हो गई, पैसे नहीं होने से रोजमर्रा के खर्चों के लिए समस्या उत्पन्न हो गई। इस स्थिति में नगर पालिका सैलाना द्वारा लीलाबाई को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबल योजना का सहारा दिया गया। विगत 24 फरवरी को लीलाबाई के लिए अनुग्रह राशि स्वीकृति आदेश तैयार कर पोर्टल पर दर्ज कर दिया गया। इसके बाद 5 मई को उनके खाते में राज्य शासन द्वारा राशि हस्तांतरित कर दी गई। इसके लिए लीलाबाई और उनका परिवार हृदय से मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान का आभारी है जिन्होंने संबल जैसी योजना लागू करके मुसीबत में उनके परिवार को तथा अन्य कई परिवारों को बड़ा सहारा दिया है और मजबूती प्रदान की है।
संबल योजना के तहत 3 लाख 43 हजार व्यक्ति पंजीबद्ध है जिले में
संबल योजना अंतर्गत रतलाम जिले में 3 लाख 43 हजार व्यक्ति पंजीबद्ध है। जिले की सैलाना नगर परिषद द्वारा संबल योजना में 16 व्यक्तियों को सामान्य मृत्यु की दशा में 32 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि दी गई है। इसी तरह 21 व्यक्तियों की मृत्यु की दशा में परिवारों को अंत्येष्टि सहायता के रूप में 1 लाख 5 हजार रुपए आर्थिक सहायता दी गई है।
जिले की नगर परिषद बड़ावदा में 2440, नगर पालिका जावरा में 18138, नगर परिषद पिपलोदा में 2856, नगर परिषद नामली में 3346, नगर परिषद सैलाना में 3851, जनपद पंचायत आलोट में 56157, नगर परिषद धामनोद में 3229, नगर परिषद ताल में 5154, जनपद पंचायत बाजना में 43 हजार 55, जनपद पंचायत पिपलोदा में से 37017, जनपद पंचायत सैलाना में 31220, नगर परिषद आलोट में 6491, नगर निगम रतलाम में 15094, जनपद पंचायत जावरा में 4 7307 तथा जनपद पंचायत रतलाम में 67734 व्यक्ति पंजीबद्ध है।
नगर पालिका जावरा द्वारा अंत्येष्टि सहायता के रूप में 5 लाख 55 हजार रूपए की आर्थिक सहायता दी गई है। नगर परिषद धामनोद द्वारा 65 मृत्यु प्रकरणों में 3 लाख 25 हजार रूपए तथा नगर परिषद नामली द्वारा 41 मृत्यु प्रकरणों में अंत्येष्टि सहायता के लिए 2 लाख 5 हजार रूपए आर्थिक सहायता दी गई है। नगर परिषद ताल द्वारा 19 मृत्यु प्रकरणों में अंत्येष्टि सहायता के लिए 95 हजार रूपए एवं सामान्य मृत्यु की दशा के 17 प्रकरणों में 34 लाख रूपए आर्थिक सहायता दी गई है। नगर परिषद बड़ावदा द्वारा 16 प्रकरणों में अंत्येष्टि सहायता के रूप में 80 हजार रूपए की आर्थिक सहायता दी गई है।