भीलवाड़ा (निलेश कांठेड़)। धर्मनगरी भीलवाड़ा के शांतिभवन में ऐतिहासिक चातुर्मास सम्पन्न कर विहार यात्रा पर निकले आगम मर्मज्ञ, प्रज्ञामहर्षि पूज्य समकितमुनिजी म.सा., प्रेरनाकुशल भवान्तमुनिजी मसा, गायनकुशल जयवन्तमुनिजी मसा आदि ठाणा गुरू नगरी मेरठ के नजदीक पहुच गए है। पूज्य मुनिवर सोमवार को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद क्षेत्र के ऋषभांचल से विहार कर मोदीनगर पहुचे। विहार मार्ग में जगह-जगह श्रावक- श्राविकाओ ने उनका वंदन-अभिनन्दन किया। विहार यात्रा में उनके साथ कई श्रावक थे। मोदीनगर में दिनभर प्रवास के दौरान पूज्य समकितमुनिजी मसा आदि ठाणा के दर्शनों के लिए कई श्रावकगण पहुचे। श्रावक श्राविकाओं ने गुरुदेव का आशीष लेने के साथ धर्मचर्चा का भी लाभ लिया। मुनिश्री मंगलवार को मोदीनगर से विहार कर ज्ञानस्थली पहुचेगे। उनका गुरुनगरी मेरठ में मंगल प्रवेश बुधवार 21 दिसम्बर को होंगा। यहां वह अपने गुरु भीष्म पितामह श्रमण संघीय सलाहकार पूज्य सुमतिप्रकाशजी म.सा. के दर्शन कर उनके सानिध्य में कुछ दिन प्रवास करेंगे। मेरठ में नववर्ष एक जनवरी का आगाज जैन भगवती दीक्षा से होंगा। इस दिन श्रमण संघीय सलाहकार भीष्म पितामह पूज्य सुमतिप्रकाश जी म.सा. के सानिध्य में मुमुक्षु मान्या एवं अंजलि संयम पथ स्वीकार करते हुए दीक्षा ग्रहण करेगी। समारोह में भीलवाड़ा शांतिभवन में ऐतिहासिक चातुर्मास करने वाले आगममर्मज्ञ, प्रज्ञामहर्षि पूज्य डॉ. समकितमुनिजी म.सा. का भी सानिध्य मिलेगा। गौरतलब है कि पूज्य समकितमुनिजी म.सा. आदि ठाणा का वर्ष 2023 का वर्षावास पहले ही पूना अदिनाथ जैन स्थानक भवन घोषित हो चुका है। मेरठ प्रवास के बाद मुनिश्री पूना की दिशा में विहार करेगे।