विद्यार्थियों के प्रति समर्पण सम्मान का कारण बनता है

रतलाम । विद्यालय और विद्यार्थियों के प्रति हमारी लगन और निष्ठा हमें समाज में प्रतिष्ठा और सम्मान प्राप्त करवाती है। विद्यार्थियों को दी गई शिक्षा उनके जीवन को निखारने के साथ-साथ संस्कारवान समाज और समृद्धि में भी सहायक होती है, बच्चों को पढ़ाते वक्त शिक्षक का लक्ष्य इन्हीं बातों पर केंद्रित होना चाहिए सम्मान तो अपने आप हमें प्राप्त होता रहेगा।
उक्त विचार शासकीय माध्यमिक विद्यालय खारा खेड़ी में राज्य स्तरीय गिजुभाई पुरस्कार मिलने पर शिक्षिका ललिता कुशवाहा का सम्मान करते हुए शिक्षक सांस्कृतिक संगठन के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने व्यक्त किए । आपने कहा कि हम सबके लिए बड़े गर्व की बात है कि जिले के 18 शिक्षकों को यह सम्मान प्राप्त हुआ, जिसमें अधिकतर ग्रामीण क्षेत्र में पदस्थ शिक्षक गण है । यह और भी अच्छी बात है हमारे शिक्षा का स्तर ग्रामीण क्षेत्र में निरंतर सुधार रहा है जिसके लिए समर्पित और ईमानदार शिक्षकों का हाथ है ।
इस अवसर पर शिक्षक श्री नरेंद्र सिंह पवार ने भी कहा कि एक शिक्षक का सम्मान पूरे विद्यालय और विद्यार्थियों का सम्मान है आपने विद्यालय में नवाचार तथा अच्छी गतिविधियों के लिए शिक्षिका कुशवाहा की प्रशंसा की एवं शिक्षिका श्रीमती मंजू पांचाल की पदोन्नति पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई । इस अवसर पर विद्यार्थियों सहित ग्रामीण जन उपस्थित थे । कार्यक्रम का संचालन श्री नरेंद्र सिंह पवार तथा आभार प्रधान अध्यापिका रेखा पवार ने व्यक्त किया ।

Play sound