मकर संक्रांति पर्व पर रतलाम में होगा 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ

कार्यक्रम को लेकर हुई बैठक, आगे आए दानदाता

रतलाम। रतलाम शहर सदा से अपनी धार्मिक गतिविधियों एवं भावनाओं से ओतप्रोत रहता आया है। इस बार पुन: एक ऐसा अवसर आया है जिससे रतलाम शहर नववर्ष में धर्ममय होगा। आगामी 12 से 15 जनवरी 2023 की तिथियों में मकर संक्रांति पर्व पर अखिल विश्व गायत्री परिवार रतलाम शाखा द्वारा शहर में 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह यज्ञीय कार्यक्रम रतलाम शहर के मध्य स्थित राजीव गाँधी सिविक सेंटर प्रांगण, काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर के पास बनाए जाने वाले यज्ञस्थल पर आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक रखी गई। जिसमें कई दानदाता आगे आए है।
शहर में 12 साल बाद होने जा रहे 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ की पूर्व तैयारियों को लेकर बैठक रविवार को कालिका माता मंदिर स्थित मांगलिक हाल पर हुई। मंच पर भजन की प्रस्तुति ऋतु सैनी, डॉली साहू ने दी। बैठक के पहले मिलन समारोह रखा गया। स्वागत भाषण मुख्य ट्रस्टी गायत्री परिवार ट्रस्ट नगर रतलाम पातीराम शर्मा ने देते हुए कार्यक्रम की रुपरेखा पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, समाजसेवी अनिल झालानी, सनातन सोशल ग्रुप के संयोजक मुन्नालाल शर्मा, गोविंद काकानी राधावल्लभ खंडेलवाल, रत्नदीप निगम, अरुण राव, राजपूत समाज से राजेंद्र गोयल, जनक नागल, सोहन लाल व्यास, राठौर समाज अध्यक्ष कैलाश जमादार, राजेंद्र राठौड़ आदि ने संबोधित किया। साथ ही समाजसेवी अनिल झालानी ने कार्यक्रम के आयोजन को लेकर 1 लाख 11 हजार रुपए देने,
बीएल पुरोहित द्वारा 21000 अनुदान की घोषणा की गई है। इसके अलावा महेंद्र चौहान की तरफ से 1 क्विंटल हवन सामग्री व अगरबत्ती, पूर्व रतलाम केसरी जगदीश पहलवान एवं शंकरलाल राठौड़ की तरफ से 11 क्विंटल शक्कर देने की घोषणा की। बाहर से आने वाले लोगों को ठहराने के लिए राजेंद्र गोयल ने राजपूत बोर्डिंग व जनक नागल ने समाज की धर्मशाला में ठहराने की व्यवस्था करने की बात कही। बैठक में निर्णय लिया गया कि कलश यात्रा को लेकर शहर के 49 वार्डों में से महिलाओं को इस आयोजन से जोड़ कर शामिल किया जाए। साथ ही अन्य मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान गायत्री परिवार के शिवपाल छत्री सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन, मातृ शक्ति, गायत्री परिवार सदस्य मौजूद रहे। संचालन विकास सेवाल ने किया। आभार पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश प्रभु राठौड़ ने माना।
गायत्री यज्ञ के साथ विभिन्न संस्कार संपन्न होंगे
कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे विद्वजनों की टोली द्वारा गायत्री यज्ञ एवं विभिन्न संस्कार सम्पन्न करवाए जाएंगे। इसके साथ ही नारी सम्मेलन एवं नारी शक्ति सम्मान, युवा सम्मेलन एवं युवा प्रतिभा सम्मान, सर्वधर्म सम्मेलन एवं धर्मगुरूओं का सम्मान तथा समाज के अग्रजो के सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अनूठे यज्ञीय आयोजन में यज्ञ में भाग लेना पूर्णत: नि:शुल्क रहेगा। यज्ञ में भाग लेने की पात्रता नित्य जीवन में ईश्वरीय उपासना तथा दक्षिणा स्वरूप अपनी एक बुराई का त्याग और एक अच्छाई का ग्रहण करना अपेक्षित रहेगी। गायत्री परिवार जनमानस में सनातन संस्कार पद्धति के पुनर्जीवन के लिए निरंतर समर्पित भाव से प्रयासरत है। इसी क्रम में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष पुंसवन संस्कार के साथ शिशुओं के लिए नामकरण, अन्नप्राशन, मुण्डन, विद्यारम्भ तथा यज्ञोपवित (जनेऊ) संस्कार तथा गुरु दीक्षा, जन्म दिवस, विवाह दिवस आदि संस्कार भी नि:शुल्क सम्पन्न करवाए जाएंगे। 13 से 15 जनवरी तक प्रतिदिन प्रात: यज्ञ के समय विभिन्न संस्कार नि:शुल्क सम्पन्न करवाए जाएंगे। श्रद्धालुओं से निवेदन रहेगा कि वे यज्ञ में भाग लेने एवं संस्कार के लिए गायत्री परिवार के परिजनों से सम्पर्क करके पूर्व पंजीयन अवश्य कराएं।
पुस्तक मेले का होगा आयोजन
कार्यक्रम स्थल पर गायत्री परिवार के संस्थापक वेदमूर्ति पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित 3000 से अधिक युगसाहित्य में से चयनित पुस्तको के नि:शुल्क वितरण के साथ-साथ अन्य पुस्तकों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए पुस्तक मेले का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही श्रीमती संगीता एवं प्रकाश प्रभु राठौड़ के परिवार द्वारा गायत्री मंत्र से अभिमंत्रित सिद्ध रुद्राक्ष, गंगाजल, गुरुगीता, गायत्री चालीसा, श्रीमद भागवत गीता एवं पूज्य गुरुदेव रचित पुस्तक ‘सुनसान के सहचर’ एवं ‘हमारी वसीयत और विरासत’ का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर परिवार द्वारा संग्रहित 108 धार्मिक स्थलों के जल, रज (मिट्टी), विभिन्न नदियों के जल एवं अभिमंत्रित पूजित बालगोपाल के दिव्य दर्शन, अनुष्ठित एवं देवपूजित दिव्य कलश विशेष रूप से दर्शनार्थ रहेंगे। इसके अतिरिक्त 24-24 हजार के 24 महापुरश्चरण साधना सम्पन्न होने की महापूर्णाहूति की जाएगी।
यह रहेगा कार्यक्रम का स्वरूप
कार्यक्रम का शुभारंभ 12 जनवरी 2023 को दोप. 2 बजे कालिका मंदिर प्रांगण से विराट कलश यात्रा के रूप में होगा। इस मंगल कलश यात्रा का समापन शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ कार्यक्रम स्थल काशी विश्वनाथ मंदिर के पास, राजीव गांधी सिविक सेंटर प्राँगण, रतलाम पर होगा। कलश पूजन के पश्चात गायत्री परिवार द्वारा घोषित नारी सशक्तिकरण वर्ष के अंतर्गत नारी जागरण सम्मेलन तथा नारी शक्ति सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। 13 जनवरी 2023 को प्रात: 8 बजे देव आह्वान एवं देवपूजन के माध्यम से 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का प्रारम्भ होगा। दोप. 2 बजे से शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे विद्वजन द्वारा पूज्य गुरुदेव रचित प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन होगा। सायं 5 बजे युवा सम्मेलन एवं युवा प्रतिभा सम्मान का आयोजन किया जाएगा। 14 जनवरी 2023 को प्रात: 8 बजे गायत्री महायज्ञ एवं दोपहर 2 बजे प्रज्ञा पुराण कथा तथा सांय 5 बजे विराट दीप महायज्ञ के साथ सर्वधर्म सम्मेलन एवं धर्मगुरुओं का सम्मान किया जाएगा। चार दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन 15 जनवरी 2023 को प्रात: 8 बजे से गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति एवं आहवाहित देवताओं के विदाई के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। समापन के अवसर समाज के अग्रजो का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गायत्री परिवार ट्रस्ट नगर रतलाम तथा रतलाम के समस्त गायत्री परिजनों की ओर से रतलाम की धर्मप्रेमी जनता से सभी कार्यक्रम में उपस्थित रहने का निवेदन किया है।
कार्यक्रम की अधिक जानकारी हेतु निम्न गायत्री परिजनों से सम्पर्क किया जा सकता है।
पातीराम शर्मा 8815218270 (मुख्य ट्रस्टी गायत्री परिवार रतलाम शाखा)
प्रकाश प्रभु राठौर 942508100
(पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष)
विवेक चौधरी 9425103182
एम एम साहू 9424824088 अर्जुनसिंह चौहान 9424583513

Play sound