जिला स्तरीय प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि श्री गौड़ ने कहा
रतलाम 14 फरवरी 2023। जिले में विज्ञान की परंपरा भविष्य में भी जारी रहेगी। यह आपके द्वारा बनाए गए नवाचारी मॉडल को देखकर स्पष्ट हो जाता है। साथ ही प्रत्येक मॉडल में निहित विज्ञान के नियम व सिद्धांत का ज्ञान और उसका प्रभावी प्रस्तुतीकरण जिस तरह से आपने किया है वह आपकी विज्ञान के प्रति गहरी रुचि को प्रदर्शित करता है।
उक्त वक्तव्य सेवानिवृत्त प्राचार्य श्री एस.एल. गौड़ ने राज्य विज्ञान गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी 2022 23 अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि की आसंदी से कहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर हुआ। अतिथि स्वागत के पश्चात दो दिवसीय आयोजन का प्रतिवेदन जिला विज्ञान अधिकारी श्री जितेंद्र जोशी द्वारा प्रस्तुत करते हुए करते हुए वर्तमान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव से जुड़ने और उसको समझने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री सुभाष कुमावत प्राचार्य शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने कहा कि श्रेष्ठ मार्गदर्शी शिक्षक के सानिध्य में विद्यार्थियों के विचार और क्रियाकलाप श्रेष्ठ हो जाते हैं। वैज्ञानिक सोच और दृष्टिकोण स्वयं में तो सकारात्मक परिवर्तन लाते ही हैं, साथ ही नवाचारी विचारों से समस्या समाधान में भी सहायता मिलती है। प्रतिभागियों के मॉडलों का सूक्ष्मता से आलोकन करते हुए निर्णायक की भूमिका श्री श्यामवंत पुरोहित भौतिकिविद सेवानिवृत्त प्राचार्य, श्रीमती सुधा माहेश्वरी व्याख्याता और श्रीमती रीना कोठारी ने निभाई । जूनियर वर्ग में प्रथम गौरव लोटन, द किंग्स एकेडमी, द्वितीय गोलू भाभर, मावि बरसी सैलाना सीनियर वर्ग में प्रथम कीर्तिराज सिंह, शा उमावि सुखेड़ा, द्वितीय चंद्रपाल सिंह, शा उमावि मंडावल रहे। सभी प्रतिभागियो एवम मार्गदर्शी शिक्षको को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शासकीय उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय में अटल टिंकरिंग लेब में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में छात्रों द्वारा निर्मित एआई बेस्ड मॉडलों का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में अटल लेब प्रभारी डॉ. ललित मेहता ने सभी विद्यालयों के प्रतिभागियों एवम मार्गदर्शी शिक्षकों से अनुरोध किया कि वे कभी भी अपनी कल्पना में आए आईडिया को मूर्तरूप देने के लिए विद्यालय की अटल लेब में कार्य कर सकते है । कार्यक्रम का संचालन डॉ. ललित मेहता ने किया तथा आभार श्री स्वतंत्र श्रोत्रिय ने माना।