मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के रतलाम आगमन की तैयारियां

कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी ने अधिकारियों को बैठक में विस्तृत दिशा निर्देश दिए

रतलाम 4 अप्रैल 2023/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के आगामी 8 अप्रैल को रतलाम आगमन की तैयारियां जोरों से जारी है। जिला प्रशासन द्वारा सभी अधिकारियों को दायित्व सौंप दिए गए हैं। कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा तैयारियों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। मंगलवार को भी कलेक्टर द्वारा अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कलेक्टर द्वारा दिशा निर्देश दिए गए। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
8 अप्रैल को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान रतलाम में लाडली बहनों से चर्चा करेंगे, महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। रतलाम के प्रबुद्धजनों, गणमान्य नागरिकों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम स्थलों की तैयारियां जारी हैं। कलेक्टर द्वारा पृथक-पृथक दायित्व अधिकारियों को सौपे गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, बैठक व्यवस्था, पानी, अस्थाई शौचालय, वर्गीकरण, निर्माण, मंच सज्जा, बैकड्राप इत्यादि तैयारियों के लिए कलेक्टर ने दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री द्वारा किए जाने वाले लोकार्पण, शिलान्यास कार्यों की सूची तैयार कर ली गई है। हेलीपैड पर भी आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के सभी कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु दिन-रात कार्य किया जा रहा है। विभिन्न कार्यक्रमों के लिए कलेक्टर द्वारा पृथक-पृथक रूप से अधिकारियों को प्रभारी बनाया गया है।
मुख्यमंत्री के मिनट टू मिनट कार्यक्रमों के अनुसार अधिकारियों की तैनाती की जा रही है। हेलीपैड के अलावा कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्था हेतु प्राथमिकता सूची बिंदुवार बनाकर कलेक्टर द्वारा अधिकारियों को दी गई है। मंगलवार को आयोजित बैठक में कलेक्टर द्वारा पूजन के लिए कन्याओं को लाने मंच पर कुर्सियों की व्यवस्था, लाडली बहना पंजीयन केंद्र निरीक्षण, सीएम फेलो तथा पैसा मोविलाइजर से चर्चा, आयोजनों की व्यवस्था तथा पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती, माईक व्यवस्था, मजबूत मंच, मजबूत रैंप निर्माण, डी की सजावट, रंगोली निर्माण, प्रबुद्धजनों की सूची, उनको आमंत्रण पत्र जारी करने, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का मंच पर सम्मान, हितग्राहियों को लाभ वितरण, कार्यक्रम स्थल पर वाहन पार्किंग व्यवस्था, पेंट इत्यादि के संबंध में कलेक्टर द्वारा विस्तृत दिशा निर्देश अधिकारियों को बैठक में दिए गए।
लाडली बहना योजना की समीक्षा, लगभग 1 लाख 44 हजार आवेदन भरे गए
बैठक में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा लाडली बहना योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बहनों द्वारा किए जा रहे आवेदनों के पंजीयन की जानकारी ली गई। 4 अप्रैल की शाम 4:00 बजे तक 1 लाख 44 हजार आवेदन जिले में भरे जा चुके हैं। कलेक्टर द्वारा योजना के सफल क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई है।
बैठक में कलेक्टर ने लाडली बहना योजना के संबंध में निर्देशित किया कि 8 अप्रैल के पूर्व तेजी से कार्य करते हुए प्रतिदिन लगभग 25 हजार आवेदनों की पूर्ति कर ली जाए ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य अर्जित कर लिया जाएगा। कलेक्टर ने सभी एसडीएम, जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगरपालिका अधिकारियों को युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। जिले में 10 अप्रैल से पूर्व शत-प्रतिशत आवेदनों में डीबीटी इनेबल कार्रवाई संपूर्ण कर ली जाएगी। सभी एसडीएम बैंक शाखाओं में यथासंभव पहुंचकर डीबीटी इनेबल कार्य करवाएंगे। कलेक्टर ने कहा कि जिला मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के क्रियान्वयन में अग्रणी है, बगैर ढीलपोल कार्य तीव्रता को बरकरार रखें कोई कोताही नहीं बरतें।
बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर द्वारा आयोजित की गई उक्त महत्वपूर्ण बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति कलेक्टर ने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए। जो अधिकारी बैठक में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अनुपस्थित रहे, उनका मेडिकल करवाया जाएगा, नोटिस जारी होगा तथा एक दिवस का वेतन भी कटेगा। वन विभाग के एसडीओ के तीन दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए।

Play sound