लघु उद्योग स्वरोजगार स्थापना हेतु पांच दिवसीय वेबिनार 21 एवं 28 जुलाई से

रतलाम । उद्यमिता विकास केन्द्र म.प्र. (सैडमेप) द्वारा शिक्षित बेरोजगार युवक, युवतियों, कृषकों एवं उद्यमियों हेतु पांच दिवसीय वेबिनार (आनलाईन) प्रशिक्षण 21 एवं 28 जुलाई से उद्यमिता एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं सोलर उर्जा विषय पर आनलाईन किया जा रहा है, जिसमें व्यक्ति भाग लेकर स्वयं का उद्योग एवं व्यवसाय का चयन कर सकता है।
जिला समन्वयक श्री विजय चौरे ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत और लोकल फोर वोकल की ओर एक कदम बढाना है व स्वयं का उद्योग, व्यापार स्थापित करने के इच्छुक को मार्गदर्शन देकर उद्यमिता के क्षेत्र मे सबसे आगे लाकर शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं, स्वरोजगार योजनाओं, प्रोजेक्ट चयन एवं मशीनरी, कच्चा माल की जानकारी देकर उद्यम स्थापित करवाना है जिससे वह उद्योग प्रारम्भ करने में आ रही समस्याओं का समाधान कर उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके। प्रशिक्षण में खासतौर से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को दी जा रही सुविधाएं एवं मालवा-निमाड क्षेत्र में स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योग जैसे खाद्य प्रसंस्करण, डेयरी, सोया उत्पाद, रेडीमेड, गारमेंट्स निर्माण, रसायन आधारित उद्योगों व सोलर उर्जा व्यवसाय इत्यादि की स्थापना प्रक्रिया, प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाना, विपणन के साथ शासन द्वारा दी जा रही ऋण व अनुदान प्राप्त योजनाओं में आनलाईन आवेदन की प्रक्रिया से अवगत कराना है, जिसके लिए न्यूनतम योग्यता 5 वीं उत्तीर्ण, आयु सीमा 18 वर्ष से कम नहीं होना चाहिए। प्रशिक्षण हेतु प्रत्येक ट्रेड में 50-50 स्थान निश्चित हैं। आवेदन प्राप्त एवं जमा करने हेतु उद्यमिता विकास केन्द्र मध्यप्रदेश (सैडमेप) के जिला समन्वयक श्री विजय चौरे से मोबाइल नम्बर 9827214711 पर सम्पर्क किया जा सकता है। वाट्सएप या ईमेल पर विस्तृत जानकारी एवं निर्धारित आवेदन पत्र में पासपोर्ट साइट फोटोग्राफ, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र के साथ आवेदन जमा कर सकते हैं।