
रतलाम 05 मई 2023। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान 2.0 की तैयारियों को लेकर जिले के संबंधित विभागों को अभियान की तैयारी करने हेतु निर्देशित किया गया। तहसील कार्यालय रतलाम शहर द्वारा अपने क्षेत्रान्तर्गत आने वाली विभिन्न सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने की तैयारियां शुरु कर दी गई है।
10 मई से 25 मई तक चलने वाले मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान 2.0 को सफल बनाने हेतु कलेक्टर श्री सूर्यवंशी के निर्देशन में राजस्व विभाग द्वारा प्रारम्भिक तैयारियों के तहत 5 मई को तहसील शहर अन्तर्गत आने वाली 21 ग्राम में हल्का पटवारी द्वारा बी-1 का वाचन किया गया जिसके तहत राजस्व अभिलेख में दर्ज मृतक खातेदारों के नामों को चिन्हांकित कर उनके विधिक वारिसानों के नाम एकत्रित किए गए एवं फौती नामान्तरण एवं विभिन्न सेवां के 223 आवेदन प्राप्त किए गए जिनका निराकरण जनसेवा 2.0 अभियान के तहत किया जाना है।
परिवारिक एवं अविदित बंटवारा के आवेदन प्रस्तुत करने की प्रक्रिया से लोगों को अवगत कराया गया एवं लोगों से राजस्व विभाग की चिन्हांकित सेवाओं के सम्बन्ध में अधिकाधिक आवेदन करने हेतु जागरुक किया गया। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान 2.0 के अन्तर्गत राजस्व विभाग द्वारा चिन्हांकित सेवाओं में चालू खसरा खतौनी की प्रतिलिपि का प्रदाय, चालू नक्शा प्रतिलिपि का प्रदाय, अविवादित नामान्तरण, अविवादित बंटवारा शामिल हैं।
इसी प्रकार सामान्य प्रशासन द्वारा चिन्हांकित सेवाओं में कानूनी बाध्यता के कारण स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र जाररी करना, आय प्रमाण पत्र प्रदाय करना, अनुसूचित जाति, जनजाति के जाति प्रमाण पत्र प्रदाय करना, अन्य पिछडा वर्ग के जाति प्रमाण पत्र, विमुक्त, घुमक्कड, अर्द्ध घुमक्कड जाति के प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्रों में जन्म तिथि, आधार और समग्र में सुधार करना, आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग के प्रमाण पत्र एवं सम्पत्ति प्रमाण पत्र प्रदाय करना शामिल है।
जनसेवा अभियान के अन्तर्गत विभिन्न स्थानों पर जैसे अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय, तहसील कार्यालय एवं पटवारी हलका कार्यालयों में शिविरों का आयोजन कर आवेदन लिए जाएंगे एवं प्राप्त आवेदन पत्रों का त्वरित निराकरण किया जाएगा।