रतलाम 19 मई 2023। शासन द्वारा रतलाम जिले के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में बीते वित्तीय वर्ष 2022-23 में विभिन्न योजनाओं तथा छात्रवृत्ति के रूप में विद्यार्थियों को 7 करोड़ चार हजार रुपए राशि वितरित की है। इसका लाभ जिले के महाविद्यालयों में अध्ययनरत 10 हजार 863 विद्यार्थियों ने उठाया है।
नोडल प्राचार्य डॉ. वाई.के. मिश्रा ने बताया कि आवास सहायता गांव की बेटी योजना प्रतिभा किरण योजना संबल एवं मेधावी योजना का फायदा बड़ी संख्या में बेटियों को मिला है जो कॉलेजों में अध्ययनरत हैं। इसके अलावा अजा-जजा छात्रवृत्ति, पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ भी संबंधित वर्गों के विद्यार्थियों को दिया गया है। उन्होंने बताया कि आवास सहायता योजना के अंतर्गत अध्ययन के लिए आकर किराए के मकान में रहने वाले 2714 विद्यार्थियों को मकान किराया के लिए 2 करोड़ 42 लाख 23 हजार रुपए सहायता उपलब्ध कराई गई है।
इसी प्रकार गांव की बेटी योजना में 1367 छात्राओं को 68 लाख 35 हजार रुपए, प्रतिभा किरण योजना में 97 छात्राओं को 4 लाख 85 हजार रुपए, मेधावी योजना में 275 विद्यार्थियों को 10 लाख रुपए, संबल योजना में 34 विद्यार्थियों को 1 लाख 15 हजार रुपए प्रदान किए गए हैं।
इसी तरह छात्रवृत्तियों के तहत अनुसूचित जनजाति छात्रवृत्ति योजना में 2839 विद्यार्थियों को 1 करोड़ 76 लाख 72 हजार रुपए, अनुसूचित जाति छात्रवृत्ति योजना में 1201 विद्यार्थियों को 67 लाख 82 हजार रुपए, पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति योजना में 2214 विद्यार्थियों को 1 करोड़ 16 लाख 75 हजार रुपए तथा सेंट्रल सेक्टर मेरिट छात्रवृत्ति योजना में 122 विद्यार्थियों को 12 लाख हजार रुपए प्रदान किए गए हैं।