- जिला स्तरीय जनसुनवाई में 118 आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभाग को भेजे गए
- अगली जनसुनवाई पिपलौदा में होगी

रतलाम 23 मई 2023। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए ग्राम इसरथुनी से अपने पति की गंभीर बीमारी का दुखडा लेकर आई रेखा धाकड को पति के उपचार हेतु 15 हजार रुपए की आर्थिक सहायता तत्काल रेडक्रास से उपलब्ध करवाई। इसी प्रकार ग्राम भदवासा से आए 75 वर्षीय दृष्टिहीन बुजुर्ग श्री नागुलाल की परेशानी को सुनकर कलेक्टर ने बुजुर्ग को तत्काल तहसीलदार श्री ऋषभ ठाकुर के शासकीय वाहन में जिला चिकित्सालय भिजवाकर दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाया। साथ ही उप संचालक सामाजिक न्याय श्रीमती संध्या शर्मा को निदर्शित कर तत्काल दिव्यांग पेंशन की स्वीकृति दिलवाई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि जनसुनवाई को और अधिक जनोन्मुखी बनाने के लिए आगामी जनसुनवाई अगले मंगलवार जिले के पिपलौदा में आयोजित की जाएगी।
जनसुनवाई में 118 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को निराकरण हेतु प्रेषित किया गया। कलेक्टर के अलावा सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिडे, एसडीएम त्रिलोचन गौड, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय शर्मा, श्री सुनील जायसवाल ने भी जनसुनवाई की।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम लसुडियाजंगली निवासी लखन ने बताया कि प्रार्थी की कृषि भूमि ग्राम में स्थित है, उक्त भूमि को लेकर कतिपय लोगों द्वारा रास्ता रोककर विवाद किया जा रहा है। उक्त भूमि मेरे पुरखों द्वारा कृषि कार्य किया जाता रहा है। कुछ लोग उक्त भूमि पर अपना कब्जा बताकर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है और प्रार्थी तथा परिवार के सदस्यों को कृषि भूमि पर आने नहीं दिया जा रहा है जबकि उक्त भूमि पर फसल की देखरेख करना आवश्यक है, कृपया उचित कार्यवाही की जाएगी। आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभाग को भेजा गया है।
कुजडों का वास निवासी आमना बानों ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थिया के पति की 18 फरवरी 23 को सडक दुर्घटना में मौत हो गई है। पति की मौत के बाद उनकी आर्थिक स्थिति काफी दयनीय हो चुकी है। परिवार में एक पुत्र तथा एक पुत्री है जो कि अवयस्क हैं जिनकी परवरिश करने में काफी मुसीबतों का सामना करना पड रहा है। सडक दुर्घटना अन्तर्गत जो भी आर्थिक सहायता हो प्रदान की जाए। आवेदन आयुक्त नगर निगम को प्रेषित किया गया है।
ग्राम पंचेड निवासी श्यामसुन्दर जाट ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी का पुत्र रतलाम के एक निजी विद्यालय में कक्षा 8 वीं में अध्ययनरत है तथा पुत्र को 8 की बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में सामाजिक विज्ञान विषय में 60 अंकों में से 0 अंक प्रदान किए गए हैं जबकि अन्य सभी विषयों में पुत्र ने अच्छे नम्बर अर्जित किए हैं। पुत्र की वार्षिक कापी की सही ढंग से जांच नहीं की गई है। कृपया उक्त विषय की जांच करवाई जाए। आवेदन जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को निराकरण के लिए प्रेषित किया गया है।