आकुर्डी पहुंचने पर स्थानीय श्रीसंघ ने की आगामी चातुर्मास के लिए भावपूर्ण विनती

पूना 26 मई (निलेश कांठेड़) । श्रमणसंघीय सलाहाकार पूज्य सुमतिप्रकाशजी म.सा. के सुशिष्य आगमज्ञाता, प्रज्ञामहर्षि पूज्य समकितमुनिजी म.सा. का अभी वर्ष 2023 का पूना आदिनाथ संघ में होने वाला चातुर्मास भी शुरू नहीं हुआ है लेकिन उससे पहले ही वर्ष 2024 के चातुर्मास के लिए विनतियों की लंबी कतार है। भीलवाड़ा के शांतिभवन में वर्ष 2022 का एतिहासिक सफल चातुर्मास करने के बाद पूना चातुर्मास के लिए विहार यात्रा पर निकले पूज्य समकितमुनिजी म.सा. जहां भी पहुंच रहे है वहां पुनः जल्द आगमन के साथ कई जगह आगामी चातुर्मास की भावपूर्ण विनती भी प्रस्तुत की जा रही है। चातुर्मासिक विनती की इसी कड़ी में शुक्रवार को पूना के नजदीक स्थित आकुर्डी का नाम भी जुड़ गया। श्री पद्य विहार धाम भोसरी से विहार कर आगमज्ञाता, प्रज्ञामहर्षि पूज्य समकितमुनिजी म.सा., प्रेरणाकुशल भवान्तमुनिजी म.सा., गायनकुशल जयवंतमुनिजी म.सा. आदि ठाणा आकुर्डी पहुंचे। स्थानीय श्रीसंघ के श्रावक-श्राविकाओं ने मुनिश्री की अगवानी कर विहार यात्रा का लाभ लिया। आकुर्डी स्थानक में मुनिश्री के दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रावकगण पहुंचे। इस दौरान आकुर्डी श्रीसंघ के प्रतिनिधियों ने पूज्य समकितमुनिजी म.सा. से वर्ष 2024 का चातुर्मास प्रदान करने की भावपूर्ण विनती प्रस्तुत की। हाल ही पूना के नजदीक स्थित चिंचवड़ संघ ने भी अगले वर्ष चातुर्मास की विनती प्रस्तुत की थी। वर्ष 2024 के चातुर्मास के लिए हैदराबाद और मालेगांव श्रीसंघ पिछले तीन वर्ष से और उदयपुर हिरणमगरी सेक्टर चार श्रीसंघ भी पिछले दो वर्ष से विनती प्रस्तुत कर रहा है। उदयपुर होली चातुर्मास के दौरान भी वहां के भक्तों ने पुरजोर तरीके से अपनी भावनाएं मुनिश्री के चरणों में अर्पित की थी। हाल ही उदयपुर से नासिक तक विहार यात्रा के दौरान महावीर जन्म कल्याणक पर सूरत पहुंचने के दौरान वहां शांतिभवन श्रीसंघ, उधना श्रीसंघ, नासिक प्रवास के दौरान आरके संघ, केवड़ी वन श्रीसंघ, सिड़को श्रीसंघ की ओर से भी वर्ष 2024 के चातुर्मास की विनती पूज्य समकितमुनिजी के चरणों में प्रस्तुत की थी। इन सभी विनतियों के जवाब में पूज्य समकितमुनिजी म.सा. ने अब तक यहीं कहा है कि आपकी भावनाएं गुरूदेव श्री सुमतिप्रकाशजी म.सा., उपाध्याय वाचनाचार्य श्री विशालमुनिजी म.सा. एवं उत्तर भारतीय प्रवर्तक श्री आशीषमुनिजी म.सा. तक पहुंचा दी जाएगी। चातुर्मास कहां करना होगा ये पूज्य गुरूदेव ही तय करेंगे। विनती करने वाले श्रीसंघ भी अपनी भावना गुरूदेव के समक्ष पहुंचा सकते है। पूज्य समकितमुनिजी म.सा. का विहार यात्रा के तहत 27-28 मई को चिंचवड़ में प्रवास रहेगा। वर्ष 2023 का चातुर्मास पूना आदिनाथ सोसायटी में करने के लिए 2 जून को पूना नगर में प्रवेश करेंगे। उनका पूना नगर प्रवेश श्रीसंघ कोथरूड के तत्वावधान में होगा। पूना नगर के विभिन्न क्षेत्रों में धर्मलाभ प्रदान करने के बाद पूज्य समकितमुनिजी का वर्ष 2023 चातुर्मास के लिए आदिनाथ जैन स्थानक भवन पूना में चातुर्मासिक मंगल प्रवेश 25 जून को होगा।