जिले के 16 सेक्टर्स में वाहनों द्वारा राशन सामग्री की आपूर्ति की जाएगी

बाकि बचे 7 सेक्टर्स के लिए आवेदन आमंत्रित, अंतिम तिथि 7 जून

रतलाम 02 जून 2023। जिले में उचित मूल्य दुकानों में समय पर राशन पहुंचे, उपभोक्ता को समय सीमा में राशन मिल सके। इस उद्देश्य को लेकर जिले में स्थापित राशन प्रदाय केन्द्रों के गोदामों से शासकीय उचित मूल्य दुकानों तक वाहनों से राशन पहुंचाने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री अन्नदूत योजना के तहत पात्र युवाओं को दी जाएगी। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में अन्नदुत योजना का क्रियान्वयन जिले में तेजी से किया जा रहा है। योजना में पात्र युवाओं को साढे सात टन क्षमता के वाहन दिलवाए जाएंगे। इसके लिए बैंकों से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। सवा लाख रुपए हितग्राही की मार्जिन मनी रहेगी, इतनी ही राशि शासन द्वारा दी जाएगी। लगभग 20 से 22 लाख रुपए मूल्य के वाहन द्वारा राशन आपूर्ति की जाएगी।
योजना जिले के 16 सेक्टर्स के लिए बनाई गई है। अब तक 9 सेक्टर्स के लिए 52 आवेदन आ चुके हैं, अभी जिले में 7 सेक्टर्स बाकि बचे हैं, जिनके लिए आवेदन आनलाईन प्राप्त किए जा रहे हैं। शेष 7 सेक्टर्स के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आगामी 7 जून निर्धारित है। कोई भी पात्र व्यक्ति आवेदन कर सकता है।
प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आनन्द गोले ने बताया कि मुख्यमंत्री अन्नदूत योजना के द्वितीय चरण में रतलाम ब्लाक के 5 तथा आलोट ब्लाक के 2 सेक्टर रिक्त है, जिनके लिए आवेदन 7 जून तक प्राप्त किए जाएंगे। योजना हेतु आवेदक संबंधित सेक्टर की जनपद पंचायत या नगरीय निकाय का मूल निवासी होना चाहिए, उम्र 18 से 45 वर्ष एवं शैक्षणिक योग्यता कक्षा 8 वीं उत्तीर्ण होना चाहिए। आवेदक के परिवार की अधिकतम वार्षिक आय 12 लाख रुपए तक हो।
आवेदक के पास हेवी मोटर व्हीकल संचालन हेतु स्थायी वैध लायसेंस होना चाहिए। आवेदक बैंक से ऋण प्राप्त करने की पात्रता रखता हो (डिफाल्टर न हो), शासकीय सेवक और पेंशनर न हो (सेवानिवृत्त सैनिक को पात्रता), आवेदक अन्य स्वरोजगार सेवा से लाभान्वित नहीं होना चाहिए। आवेदक आपराधिक प्रवृत्ति एवं पृष्ठभूमि का नहीं होना चाहिए। आवेदन से संबंधित समस्त आवश्यक जानकारी, संशोधन पोर्टल पर ही जारी किए जाएंगे। योजना के अन्तर्गत रिक्त सेक्टर्स हेतु एसएएमएएसटी पोर्टल पर 31 मई तक पुनः आवेदन आमंत्रित किए गए थे। उक्त सेक्टर्स के पर्याप्त हितग्राहियों को भाग लेने हेतु आवेदन आमंत्रित की तिथि 7 जून तक बढाई गई है।

Play sound