भव्य जुलूस के साथ होगा चातुर्मासिक मंगलप्रवेश, तैयारियां हुई पूरी

पूना, 23 जून ( निलेश कांठेड़) । देश के विभिन्न क्षेत्रों में जिनशासन भक्ति की गंगा प्रवाहित करने के बाद इस वर्ष पूना के श्री आदिनाथ भवन में चातुर्मास करने जा रहे श्रमणसंघीय सलाहकार पूज्य सुमतिप्रकाशजी म.सा. के सुशिष्य आगमज्ञाता, प्रज्ञामहर्षि, वाणी के जादूगर पूज्य समकितमुनिजी म.सा., प्रेरणाकुशल भवान्तमुनिजी म.सा., गायनकुशल जयवंतमुनिजी म.सा. आदि ठाणा का चातुर्मासिक मंगल प्रवेश 25 जून रविवार को होने जा रहा है। भव्य एवं गरिमापूर्ण चातुर्मासिक मंगलप्रवेश के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। भीलवाड़ा के शांतिभवन में पिछला एतिहासिक सफल चातुर्मास सम्पन्न करने के बाद 2 हजार किलोमीटर से अधिक की विहार यात्रा करके पूना पहुंची समता और साधना का संदेश देने वाली समकित के संग समकित की यात्रा ‘जादू’ पूनावासियों पर छा चुका है। सभी जिनशासन आराधक इस चातुर्मास से जुड़ धर्म साधना करने के लिए आतुर है। श्रीआदिनाथ स्थानकवासी जैन भवन ट्रस्ट पूना के अध्यक्ष सचिन रमेशचन्द्र टांटिया ने बताया कि मंगलप्रवेश 25 जून को सुबह 8.30 बजे मुकुंदनगर में वालचंदजी, भगवानदासजी संचेती के निवास से श्री आदिनाथ स्थानक भवन के लिए भव्य जुलूस द्वारा होगा। मंगल प्रवेश समारोह के लिए भीलवाड़ा, मेरठ सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आस्थावान श्रावक-श्राविकाएं पूना पहुचेंगे। पांच माह के चातुर्मास में नियमित प्रवचन के साथ जप-तप-साधना से परिपूर्ण विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। पूना में जिस तरह समकित की यात्रा में सहभागी बन जिनशासन की सेवा से जुड़ने का उत्साह दिख रहा वैसा माहौल पहले कभी नहीं बना है।
पहली बार 1008 सामूहिक तेला तप से होगा चातुर्मास का स्वागत
पहली बार पूना महानगरी में किसी चातुर्मास का आगाज 1008 सामूहिक तेला तप की साधना से होने वाला है। तपस्या कर कर्मो की निर्जरा करने के धर्मयज्ञ से जुड़ने के लिए सभी उम्र वर्ग के श्रावक-श्राविकाएं उत्साह दिखा रहे है। तेला तप आराधक बनने की होड़ सी लगी हुई है। तप साधना की ‘गंगा’ में डूबकी लगाने के लिए पूज्य समकित मुनिजी म.सा. से मिल रही प्रेरणा से कई श्रावक-श्राविका तो जीवन में पहली बार तेला तप की साधना करने वाले है। इसके लिए प्रेरणाकुशल भवान्तमुनिजी म.सा. भी पूना के जिन क्षेत्रों में विचरण कर रहे है वहां घर-घर पहुंचकर प्रेरणा दे रहे है। तप साधना को समर्पित होने वाले इस चातुर्मास को एतिहासिक बनाने के लिए स्वागत ही एक से तीन जुलाई तक 1008 सामूहिक तेला तप आराधना के साथ होने वाला है। समकितमुनिजी म.सा.के पिछले भीलवाड़ा शांतिभवन के एतिहासिक सफल चातुर्मास का आगाज भी 750 सामूहिक तेला तप आराधना के साथ हुआ था। युवा श्रावक-श्राविकाएं भी इससे जुड़कर तेला तप साधना के लिए उत्साहित है। कई युवाओं ने तपस्या करने के लिए अपने नाम लिखवाएं है। तेला तप करने वालों के पारणे की व्यवस्था श्रीसंघ की ओर से रहेगी।
प्रतिदिन गूंजेगी समकित की वाणी
चातुर्मास में 29 जून से आदिनाथ भवन में प्रतिदिन सुबह 8.40 बजे से 9.45 बजे तक खुशियों को बरकरार रखने के शानदार तरीके बताने वाली समकित यात्री प्रवचनमाला ‘‘कहानी द्रौपदी की-कहानी कर्म की’’ आयोजन होगा। चातुर्मास का विधिवत प्रारंभ 2 जुलाई से होगा। चातुर्मास में प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से स्वाध्याय एवं सूर्यास्त से प्रतिक्रमण होगा। प्रतिदिन रात 8.30 से 9.30 बजे तक सर्वोतभद्र चौमुखी जाप का आयोजन होगा। जीवन में हर मोड़ पर खुशियां आपका स्वागत करे इसके लिए 8 से 25 जुलाई तक 18 दिवसीय पुण्य कलश आराधना का आयोजन होगा। इसके तहत एक दिन उपवास एवं एक दिन बिआसना इस प्रकार 18 दिन विधिपूर्वक आराधना होगी। प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को बच्चों की पाठशाला एवं प्रत्येक गुरूवार को आगम आराधना का आयोजन होगा। इसी तरह प्रत्येक शुक्रवार को एकासना तप के साथ प्रत्येक रविवार को विशेष प्रवचन होगा। चातुर्मासकाल में प्रति चतुर्दशी को लोगस्स आराधना होगी। इसका आगाज 16 जुलाई को चतुर्दशी से होगा।
पूना आवास व्यवस्था सम्पर्क- रमेश नवलखा मो.9822790521
शैलेष नवलखा-750711200