

रतलाम। जिला प्रशासन के विशेष सहयोग से शहर की प्रतिष्ठित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘कविताई’ द्वारा गुलाब चक्कर के सुरम्य परिसर में ‘कविताई-2’ काव्य गोष्ठी का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कवि नित्येंद्र एम आचार्य द्वारा प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी जी पर रचित कविता की सबके द्वारा सराहना की गई | कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ साहित्यकार एवं गीतकार राजेंद्र शर्मा द्वारा प्रस्तुत मधुर माँ सरस्वती वंदना के साथ हुई। तत्पश्चात संस्था के संस्थापक नित्येंद्र एम आचार्य, आमंत्रित रचनाकारों ने माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण कर काव्य संध्या का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में कवियों ने विविध भावों और रंगों की मनमोहक रचनाएँ प्रस्तुत कीं। नागदा से पधारे वरिष्ठ कवि मदन रावल ने अपनी देशभक्तिपूर्ण पंक्तियों और धारदार हास्य-व्यंग्य के बाणों से श्रोताओं को तालियाँ बजाने पर मजबूर कर दिया और वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रवाहपूर्ण संचालन सुनील निरंजनी ने अपने अनूठे अंदाज में किया। इसके साथ ही कवि राकेश बोरिया, योगेश पुरोहित और डॉ. प्रदीप जैन सहित कई अन्य गणमान्य रचनाकारों ने अपनी उत्कृष्ट एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से देर रात तक समां बांधे रखा।
कार्यक्रम का मुख्य एवं विशेष आकर्षण उपस्थित श्रोता सपना संदीप पिरोदिया द्वारा किया गया स्वरचित काव्य पाठ रहा, जिसकी सरलता और भावुकता को सभी उपस्थित साहित्यानुरागियों ने करतल ध्वनि से खूब सराहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के समापन पर आयोजक नित्येंद्र एम आचार्य, हितेंद्र प्रताप सिंह, राजेंद्र शर्मा एवं मदन रावल ने जिला प्रशासन, उपस्थित सभी कवियों, सुधी श्रोताओं एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोग देने वाले सभी नागरिकों का सह्रदय आभार व्यक्त किया।