सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ब्लैक स्पॉट हटाने पर चर्चा की गई

रतलाम । सांसद श्री गुमान सिंह डामोर की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को संपन्न हुई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले में विभिन्न सड़कों पर ब्लैक स्पॉट हटाने पर चर्चा की गई। बताया गया कि पूर्व में सर्वेक्षण अनुसार 11 ब्लैक स्पॉट में से अभी एक ब्लैक स्पॉट हटाया गया है जो सातरुंडा में था।
बैठक में विधायक श्री दिलीप मकवाना जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई शंभूलाल चंद्रवंशी, पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, सांसद प्रतिनिधि श्री प्रदीप चौधरी, कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बहुगुणा, जिला परिवहन अधिकारी श्री दीपक माझी, डीएसपी ट्रैफिक श्री अनिल राय आदि उपस्थित थे।
बैठक में सांसद श्री डामोर द्वारा निर्देशित किया गया कि सड़कों पर दुर्घटना के अंदेशे वाले स्थानों पर तत्काल एक्शन ली जाकर आवश्यक कार्य किए जाएं। विधायक श्री मकवाना ने धोंसवास में बच्चों द्वारा सड़क क्रास करने पर दुर्घटना के अंदेशे की चर्चा करते हुए एमपीआरडीसी के अधिकारी श्री मूले को कार्य करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार धराड़ तथा सातरूंडा में भी आवश्यक कार्य हेतु सचेत किया गया। बैठक में रतलाम शहर में कई स्थानों पर सब्जियों का विक्रय रोड के किनारे बैठ कर करने के कारण लोगों को आवाजाही मैं परेशानी होने की बात कही गई। इस संबंध में व्यवस्था सुधार के लिए निर्देशित किया गया।