शिवगढ़ वन परिक्षेत्र में हरियाली अमावस्या के पावन पर्व पर विशाल वृक्षारोपण अभियान आयोजित होगा

रतलाम । हार्टफुलनेस संस्था ( श्री रामचंद्र मिशन) द्वारा रतलाम शहर के समीप शिवगढ़ से तीन किलोमीटर पूर्व स्थित शिवगढ़ वन परिक्षेत्र में हरियाली अमावस्या के पावन पर्व पर दिनांक 17 जुलाई 2023 को विशाल वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में वर्षा काल के दौरान 200 एकड़ क्षेत्र में 51000 पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक पौधे के लिए 1 वर्ग मीटर का गड्ढा बनाकर उसे काली मिट्टी, चारकोल, जैविक खाद और नीम खाद से भरकर तैयार किया गया है। आगंतुक व्यक्ति को पौधारोपण के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जावेगी।
पौधों को निरंतर सिंचित करने के लिए वन क्षेत्र में 17 जलभराव क्षेत्रों का निर्माण किया गया है। वृक्षारोपण सोमवार 17 जुलाई 2023 को प्रातः 8:00 बजे आरंभ होगा तथा पूरे दिन जारी रहेगा। हार्टफुलनेस संस्था द्वारा रतलाम के सभी माननीय राजनेता, समाजसेवी, खिलाड़ी ,साहित्यकार, कलाकार, उद्योगपति, किसान, मीडियाकर्मी, पुलिसकर्मी, शासकीय सेवक एवं गणमान्य नागरिकों से आग्रह किया जाता है की अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महा वृक्षारोपण अभियान को सफल बनावे।