
जावरा (अभय सुराणा) । अटल ग्राम विकास सामाजिक संगठन द्वारा पावस काव्य गोष्ठी का आयोजन श्रीराम विद्या मन्दिर पर किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री सुशील कोचट्टा , विशेष अतिथि श्री नंद किशोर महावर एवं अध्यक्षता डॉ. सीएम मेहता ने की।
कार्यक्रम में जलमित्र समाचार के प्रकाशन के 12 वर्ष पूर्ण होने पर नवीन अंक का विशेषांक के रूप में विमोचन एवं सिंहावलोकन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सुशील कोचट्टा ने कहा कि बिना लक्ष्य के जीवन अधूरा है जलमित्र समाचार पत्रिका ने 12 वर्षों में न सिर्फ अपनी पहचान जावरा अपितू सम्पूर्ण क्षेत्र मे विशिष्ट पहचान बनाई है तथा जल संरक्षण और जनसंचय के लिए नागरिकों में जागरूकता पैदा की है इसके लिए अटल ग्राम विकास सामाजिक संगठन एवं जलमित्र समाचार ,समग्र मालवा के सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं ।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि नंदकिशोर सैनी ने कहा कि किसी भी संस्था को लगातार सक्रिय रखना बहुत ही कठिन है परंतु अटल ग्राम विकास सामाजिक संगठन पिछले 23 वर्षों से सक्रियता से कार्य कर रहा है ।साथ ही 12 वर्षों से जलमित्र समाचार का प्रकाशन अपने आप में उल्लेखनीय है आपने जलमित्र समाचार के निरंतर प्रकाशन पर की बधाई दी एवं शुभकामनाएं व्यक्त की ।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. सी एम मेहता ने कहा कि पत्रिका को मासिक स्वरूप प्रदान करना चाहिए इसके लिए जलमित्र समाचार के सभी साथियों को प्रयास करना चाहिए। आपने कहा कि मैं प्रारंभ से ही जलमित्र समाचार से जुड़ा रहा हूं जो मेरे लिए प्रसंन्नता का विषय है आज इस पत्रिका ने जो स्थान प्राप्त किया है वह गौरवान्वित करता है। प्रारंभ में संपादक एवं अटल ग्राम विकास सामाजिक संगठन के अध्यक्ष अभय कोठारी ने पत्रिका का सिंहावलोकन करवाते हुए कहा कि जिस प्रकार 12 वर्षों में सिहस्थजाता है और उसमें सभी देवी देवता अमृत पान करते हैं उसी प्रकार जलमित्र समाचार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सभी अंकों का समावेश एवं समीक्षा इस अंक में विशेषांक के रूप में की गई है मुखपृष्ठ ,जल खबर-संसार, साहित्य परिक्रमा, समग्र मालवा को संवारा गया है आपने सभी पाठको, विज्ञापन दाताओं ,लेखकों का इस अवसर पर आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया गया श्री रतन लाल उपाध्याय ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की ।श्री गुलाम मोइनुद्दीन मेरी नजर में जलमित्र समाचार आलेख का वाचन किया। अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम समन्वयक जगदीश उपमन्यु ,जल मित्र समिति संयोजक वीरेंद्र चौहान, समग्र मालवा संयोजक मनोहर सिंह चौहान मधुकर,रफीक मुन्ना भाई पेंटर ,विनोद चौरसिया, गोपाल सेठिया आदि ने किया
इस अवसर पर आयोजित पावस काव्य गोष्ठी में श्री मनोहर सिंह चौहान मधुकर ,श्री फजल हयात, श्री गुलाम मोइनुद्दीन मोईन ,श्री रतन लाल उपाध्याय, श्री राजेंद्र त्रिवेदी ,श्री रमेश मनोहरा आदि ने सावन एवं वर्षा ऋतु पर सुन्दर कविताओं का पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन श्री रमेश मनोहरा एवं आभार प्रदर्शन गुलाम मोइनुद्दीन मोईन ने किया।