

रतलाम । विकास पर्व के दौरान रतलाम जिले में विकास कार्यों के भूमि पूजन, लोकार्पण के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रतिदिन जनता को विकास की सौगात मिल रही है। लाखों, करोड़ों रुपए लागत के निर्माण कार्यों से ग्रामीण क्षेत्र में और शहरी क्षेत्र में चहुंमुखी विकास परिलक्षित हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की मंशा अनुसार कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में सुनियोजित ढंग से प्रतिदिन विकास पर्व का आयोजन जिले में किया जा रहा है।
विकास पर्व के अंतर्गत शुक्रवार को रतलाम ग्रामीण क्षेत्र में 1 करोड़ 13 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, लोकार्पण किया गया। सीईओ श्री रामपाल सिंह करजरे ने बताया कि रतलाम ग्रामीण में शुक्रवार को बिरमावल, पीपलखूंटा, उमरन, सिमलावदा, सुजलाना, रतनगढ़खेड़ा, बदनारा, धरखेड़ी, प्रीतमनगर तथा दंतोड़िया में विकास पर्व के तहत चेक डैम, सीसी रोड, नाली, आंगनवाड़ी भवन, सामुदायिक भवन, वायर फेंसिंग इत्यादि निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, लोकार्पण किया गया। इसी प्रकार जिले के आदिवासी विकासखंड सैलाना के ग्राम कुंडा, भाटखेड़ी, गराड, कोलपुरा तथा सालरापाड़ा में लगभग 73 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन लोकार्पण किया गया।