जिले में संत रविदास यात्रा की तैयारियां स्थान-स्थान पर जारी

रतलाम । मध्यप्रदेश शासन द्वारा आयोजित की जा रही संत रविदास समरसता यात्रा की तैयारियां रतलाम जिले में भी जोरों से जारी हैं। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में स्थान-स्थान पर बैठकें आयोजित की जाकर तैयारियों को अंतिम रुप दिया जा रहा है। जिले में आलोट क्षेत्र में 28 जुलाई को यात्रा प्रवेश करेगी।
इस तारतम्य में समरसता यात्रा 29 जुलाई को रतलाम जनपद क्षेत्र में प्रवेश कर जाएगी। इस परिप्रेक्ष्य में जनपद रतलाम के अन्तर्गत धामनोद नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एव अधिकारी कर्मचारियों की बैठक जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में श्री विजयवर्गीय ने बताया कि सामाजिक समरसता लाना एवं समाज में संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना यात्रा का उद्देश्य है। यात्रा 29 जुलाई को धामनोद में प्रवेश करती हुई डेलनपुर, पलसोड़ा, बंजली होते हुए रतलाम में धर्मसभा के रूप में परिवर्तित होगी। द्वितीय दिवस यात्रा सालाखेड़ी, धराड़ होते हुए सातरूंडा से उज्जैन जिले में प्रवेश करेगी। आमजन से आग्रह किया गया है कि यात्रा का आत्मीय स्वागत करें, समाज को जोडे और संत रविदास को जाने।

विकासखंड समन्वयक श्री शैलेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि जन अभियान परिषद को उक्त कार्य हेतु समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है जिसके अंतर्गत विभिन्न जनप्रतिनिधियों के माध्यम से हम शासन के साथ मिलकर समाज को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। इस यात्रा में अंतिम पंक्ति पर बैठे हुए व्यक्ति भी शासन एवं समाज के साथ जोड़ते हुए कार्य करें, ऐसी अपेक्षा है। सारा समाज एक है इस भाव को हमें सार्थक करना है। बैठक में नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्री परमार ने भी संबोधित किया एवं आभार नगर परिषद उपाध्यक्ष श्री लोकेंद्र सिंह सिसोदिया ने माना। इस अवसर पर नगर परिषद के पार्षदगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
रविदास यात्रा के निमित्त रूट प्लान एवं कार्यक्रम की रूपरेखा हेतु विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे के साथ कार्य योजना बनाई
जनअभियान परिषद् द्वारा संत शिरोमणि श्री रविदासजी की यात्रा के निमित्त विधायक डा. राजेन्द्र पाण्डेय, एसडीएम श्री अनिल भाना, जनपद पंचायत जावरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से संपर्क कर यात्रा रूट चार्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक श्री शिवशंकर शर्मा, नवाअंकुर संस्था के अध्यक्ष श्री प्रकाश जगदेव एवं नगर विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष श्री अभिषेक जैन उपस्थित रहे।
संत शिरोमणी रविदासजी समरसता यात्रा को लेकर विकासखंड आलोट में रूट प्लान, संवाद मंच, स्वागत स्थल, भोजन व्यवस्था, प्रचार रथ, ग्राम पंचायत से मिट्टी व जल का संग्रहण को लेकर एसडीएम श्री सुनील जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राधाकृष्णन वक्तारिया, तहसीलदार श्री मुकेश सोनी, जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक श्री मुकेश कटारिया, समस्त नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि व परामर्शदाता के साथ यात्रा को लेकर चर्चा की गई।
सूर्यवंशी समाज की बैठक
रविदास यात्रा को लेकर नगर परिषद आलोट में सूर्यवंशी समाज की बैठक आयोजित की गई। यात्रा 28 जुलाई को आलोट में प्रवेश करेगी। यात्रा के सफल आयोजन हेतु बैठक में बद्रीलाल परिहार, नंदराम परमार, लक्ष्मण माल, प्रकाश ररोतिया, विनोद परिहार, दुर्गाशंकर सूर्यवंशी, विक्रम नावटिया, नन्दलाल चौहान, लक्ष्मीनारायण डामेचा, प्रभुलाल खसरोटिया, मदनलाल राणावत, शांतिलालयादव उपस्थित थे।