स्वतंत्रता दिवस आयोजन की तैयारियो को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को दायित्व सौंपा रतलाम 31 जुलाई 2023। रतलाम मुख्यालय पर आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने सोमवार कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक लेकर अधिकारियों को दायित्व सौंपा। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश खाखा, निगमायुक्त श्री ए.पी. सिंह गहरवार, एसडीएम श्री संजीव पांडे, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय शर्मा, श्रीमती राधा महंत आदि अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने विभागीय दायित्व को समय सीमा में पूर्ण करें। स्वतंत्रा दिवस पर पुरस्कृत किए जाने वाले उत्कृष्ट कर्मचारियों के नाम 10 अगस्त तक भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिन लोगों द्वारा वास्तविक रूप से उत्कृष्ट कार्य किया गया है उन्हीं व्यक्तियों के नाम प्रेषित किए जाएं। कलेक्टर ने बैठक में मुख्य रूप से निगमायुक्त, लोक निर्माण विभाग, एसडीएम, महिला बाल विकास, शिक्षा विभाग, पंचायत एंड सामाजिक न्याय आदि विभागों को कार्य दायित्व से अवगत कराया। कलेक्टर ने मुख्य समारोह में बैठक व्यवस्था, अतिथि व्यवस्था, बैरिकेडिंग, मंच व्यवस्था के लिए दिशा निर्देश दिए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन गरिमामई रूप से करने के निर्देश दिए, प्रत्येक कार्यक्रम औचित्य पूर्ण हो। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी अपने घर तिरंगा झंडा फहराएगा, वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत करेगा।। कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आगामी 13 अगस्त की सुबह अंतिम रिहर्सल की जाएगी। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री वैष्णव द्वारा मेरी माटी मेरा देश अभियान आयोजन के संबंध में अवगत कराया।