मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने महापौर श्री पटेल को पत्र के माध्यम से कराया अवगत
रतलाम 10 अगस्त । नगरीय निकायों की प्रक्रिया तथा अधोसंरचना विकास के लिए प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह जी चौहान के निर्देश तथा अनुमोदन उपरांत नगरीय विकास एवं आवास विभाग में लिये गये निणयों से मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने महापौर श्री प्रहलाद पटेल को पत्र लिखकर अवगत कराते हुए लिखा है कि मुख्यमंत्रीजी के नेतृत्व में नगरीय विकास एवं आवास विभाग प्रदेश के शहरी क्षेत्र के नागरिकों के लिए अधोसंरचना तथा समावेशी विकास के लिए कटिबद्ध है। प्रदेश के नगरीय क्षेत्र के उत्तरोत्तर वृद्धि के लिए आपका सहयोग अपेक्षित है।
मंत्री श्री भूपेन्द्रसिंह ने पत्र में महापौर श्री पटेल को अवगत कराया है कि नगरीय निकाय में नित्य कार्य संपादन में प्रगति लाने के लिए तथा प्रक्रिया को सरल करने के लिए वित्तीय स्वीकृति के प्रकरण में छोटी नगर निगमों में महापौर की 2 करोड़ से 5 करोड़ तथा मेयर-इन-काउंसिल की 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ व आयुक्त की 40 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़, करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्रीजी के निर्देश पर मुख्यमंत्री नगर विकास की 1700 करोड़ की योजना के अन्तर्गत प्रदेश के नगरीय निकायों में अधोसंचना विकास के कार्य संपादित किये जायेंगे। पत्र मे उल्लेखित किया गया है कि अधोसंरचना विकास के प्रस्ताव डीपीआर के साथ संचालनालय नगरीय विकास एवं विकास एवं आवास में एक सप्ताह में प्रस्तुत करें जिससे कार्य शीघ्र पूर्ण हो सकें।
पत्र में यह भी उल्लेखित किया गया है कि गरीबों एवं मजदूरी करने वालो को एक वक्त का सस्ता तथा पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए माननीय मुख्यमंत्रीजी द्वारा दीनदयाल रसोई योजना के अन्तर्गत नगर निगमों में 5 रूपये प्रति थाली भोजन की व्यवस्था चलित तथा स्थाई दीनदयाल रसोई के माध्यम से प्रदाय किया जायेगा।