बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना पर साईबर क्राईम से सुरक्षा हेतु ’’स्टीकर’’ एवं पेम्पलेट का विमोचन

रतलाम 28 अगस्त 2023। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना अन्तर्गत् साईबर क्राइम से सुरक्षा पर एसपी कार्यालय और महिला बाल विकास कार्यालय के संयुक्त सहयोग से बने स्टीकर और ’पेम्पलेट का विमोचन कलेक्टर जिला रतलाम श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा आज 28 अगस्त को कलेक्टर मीटिंग हॉल में एडीएम श्रीमती शालिनी श्रीवास्तव, एडीएम श्री आर. एस. मण्डलोई, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, एसडीएम शहर श्री संजीव कैशव पाण्डे, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती राधा महन्त, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री रजनीश सिन्हा, सहायक संचालक एवं बीबीबीपी नोडल अधिकारी कुमार अंकिता पण्ड्या, महिला बाल विकास के सभी परियोजना अधिकारी, स्थानीय बीबीबीपी सेक्शन लीडर पर्यवेक्षक श्रीमती नीलम वाघेला, श्रीमती ज्योति सोनी, श्रीमती गायत्री शर्मा, श्रीमती प्रियंका बैरागी एवं जिला शाखा प्रभारी श्रीमती यशोदा कुंवर राजावत की उपस्थिति में किया।
साईबर क्राईम से सुरक्षा पर बने स्टीकर और पेम्पलेट की विषय सामग्री संग्रहण में पुलिस अधीक्षक श्री राहुल कुमार लोधा, साईबर क्राइम प्रभारी श्री अमित कुमार शर्मा, प्रधान आरक्षक श्री मनमोहन शर्मा, प्रधान आरक्षक श्री लक्ष्मीनाराण सूर्यवंशी, मयंक व्यास और विपुल भावसार का सराहनीय योगदान रहा। साईबर क्राईम से सुरक्षा पर बने स्टीकर और पेम्पलेट का वितरण साईबर क्राईम से सुरक्षा पर आयोजित होने वाली परियोजना स्तरीय कार्यशालाओं में शासकीय विद्यालय की बालिकाओं, शासकीय छात्रावास की बालिकाओं, आंगनवाड़ी केन्द्र की किशोरी बालिकाओं को किया जाएगा, जिससे साईबर क्राइम के बारे में एवं साईबर क्राईम से बालिकाओं की सुरक्षा हो सके। बेटी बचाओ, बेटी पढाओ योजना के व्यापक प्रचार प्रसार हो सके साथ ही साईबर क्राईम से बालिकाएं सुरक्षित हो सके।

कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा जिले की महिलाओं, बालिकाओं, किशोरी बालिकाओं, आमजन से निम्नलिखित बातों को ध्यान रखने की अपील की
1.साईबर क्राईम होने पर तत्काल साईबर हेल्प लाईन नंबर 1930 पर सूचना देकर सहायता ले।
2.सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेण्ड रिक्वेस्ट को स्वीकार न करे।
3.किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
4.ऑनलाईन चैट पर आपत्तिजनक/ अंतरंग फोटो/वीडियो आदि सांझा न करें।
5.अनजान नंबरों से वीडियो कॉल रिसीव न करें।
6.ईमेल आईडी, सोशल मीडिया प्रोफाइल्स, ई वॉलेट्स/ नेटबैंकिंग आदि के पासवर्ड मजबूत रखें एवं नियमित अंतराल पर बदलते रहे।

Play sound