रतलाम 04 सितंबर 2023। किसानो की फसलों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए वर्ष 2016 से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जिले के किसानों के लिए भी वरदान साबित हुई है। वर्ष 2021 खरीफ में 54 हजार 654 किसानो को 34.37 करोड रुपए क्लेम राशि प्रदान की गई। वहीं वर्ष 2021-22 रबी मौसम में जिले के 1 लाख 48 हजार 214 किसानों को 88.71 करोड़ रुपए क्लेम राशि प्रदान की गई। वर्ष 2023 में खरीफ मौसम में जिले के लगभग 1 लाख 70 हजार किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा सुरक्षा प्राप्त की है।
कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि खरीफ वर्ष 2023 में जिले का 1 लाख 57 हजार 703 हेक्टेयर सोयाबीन कृषि रकबा बीमित हो चुका है। इन किसानों ने 16 करोड़ से भी अधिक राशि प्रीमियम के रूप में जमा की है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत बुवाई से लेकर कटाई के बाद तक का समय कर किया जाता है। योजना के अंतर्गत विभिन्न फसल अवस्थाओं पर अधिसूचित फसलों के लिए अधिसूचित क्षेत्र में फसल क्षति जोखिम कवर किए जाते हैं, इसमें खरीफ सीजन एवं रबी सीजन की कुल 19 फसले आती है। खरीफ फसलों में कपास, मूंगफली, बाजरा, मक्का, धान, तिल, ज्वार, सोयाबीन, कोदोकुटकी, उड़द एवं मूंग शामिल है। रबी फसलों में गेहूं, चना, मसूर, सरसों, अलसी अधिसूचित हैं।