निगम का साधारण सम्मिलन संपन्न

रतलाम 5 सितम्बर । महापौर श्री प्रहलाद पटेल की उपस्थिति, निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा की अध्यक्षता, महापौर परिषद सदस्य व समस्त पार्षदों की उपस्थिति में आयोजित निगम के साधारण सम्मिलन में नगर व नागरिकों के हित में प्रस्तुत प्रस्ताव चर्चा उपरांत पारित किये गये।
आयोजित निगम के साधारण सम्मेलन में चन्द्रयान की सफल लैंडिग हेतु माननीय प्रधानमंत्री महोदय व इसरो के वैज्ञानिकों को धन्यवाद भेजे जाने व लाड़ली बहना योजना हेतु माननीय मुख्यमंत्री महोदय को धन्यवाद पत्र भेजे जाने के महापौर श्री प्रहलाद पटेल द्वारा प्रस्तावित प्रस्ताव को पारित किया गया।
अमृत सागर उद्यान का रख-रखाव एम्युसमेंट पार्क के रूप में विकसित करने हेतु विभिन्न खेल उपकरण लगाने, राइड्स लगाने, केन्टीन स्थापना करने तथा पार्क में मौजूदा सिविल, इलेक्ट्रीकल व हार्टीकल्चर सम्पत्ति के उन्नयन एवं मेन्टेन पीपीई मॉडल पर किये जाने के प्रस्ताव पर चर्चा उपरान्त सर्वानुमति से पारित किया गया।
वर्श 1998 के पूर्व की कालोनियों के नगर तथा ग्राम निवेश विभाग से स्वीकृत अभिन्यास स्वतः व्यपगत हो जाने से अपूर्ण विकास कार्यो वाली कालोनियों को कालोनी विकास के नये नियम म.प्र. नगर पालिका (कालोनी विकास) नियम 2021 में उल्लेखित अनाधिकृत कालोनियों में नागरिक अधोसंरचना व भवन अनुज्ञा उलब्ध कराने के नियम 23 से 26 तक में उल्लेखित प्रावधानों के अधीन उल्लेखित कालोनियां एवं इस प्रकार की अन्य कोई कालोनी भी संज्ञान में आती है तो उन्हे भी अनाधिकृत कालोनी हेतु बनाये गये म.प्र. नगर पालिका (कालोनी विकास) नियम 2021 में उल्लेखित प्रावधानों के अनुसार नागरिक अधोसंरचना एवं अनुज्ञा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव के संबंध में चर्चा कर प्रस्ताव पारित कर यह भी निर्णय लिया गया कि 1998 के पूर्व की 56 कालोनियों के अतिरिक्त कालोनी निगम के संज्ञान में लाई जावेगी तो उस पर उक्तानुसार कार्यवाही की जावेगी।
आयोजित सम्मेलन में नगर निगम स्वामित्व की दुकानों एवं गुमटियों के नाम हस्तांतरण की राशि तय किये जाने के प्रस्ताव को बहुमत से पारित किया गया इस प्रस्ताव पर कांग्रेस पार्षद दल का विरोध रहा। इसके अलावा बाजार बैठक शुल्क अर्द्धवार्षिकी/वार्षिक दरो के निर्धारण के प्रस्ताव पर चर्चा उपरान्त निर्णय लिया गया कि पुर्नविचार हेतु शासन को भेजा जाये।
इसके अलावा आयोजित सम्मेलन में विरियाखेड़ी स्थित कर्मचारी कॉलोनी का नामाकरण महाराणा प्रताप कॉलोनी व सिलावटो का वास हरीजन बस्ती का नाम महर्षि वाल्मीकि नगर किये जाने के प्रस्ताव सर्वानुमति से पारित किया गया।
महापौर श्री प्रहलाद पटेल ने सर्व ब्राम्हण महासभा रतलाम के अनुरोध पर प्रस्ताव रखा कि शहर में एक चौराहे का नामांकन भगवान श्री परशुराम के नाम से व प्रतीक चिन्ह फरसा स्थापित किया जाये प्रस्तावित प्रस्ताव को सर्वानुमति से पारित किया गया। प्रतीक चिन्ह स्थापित किये जाने हेतु चौराहे का चयन किया जाना है।
आयोजित निगम के साधारण सम्मिलन में महापौर श्री प्रहलाद पटेल, नेता पक्ष श्री भगतसिंह भदौरिया, नेता प्रतिपक्ष श्री शांतिलाल वर्मा, महापौर परिषद सदस्य सर्वश्री पप्पु पुरोहित, दिलीप गांधी, अनिता कटारा, धर्मेन्द्र व्यास, अक्षय संघवी, विशाल शर्मा, मनोहरलाल राजू सोनी, रामुभाई डाबी, श्रीमती सपना त्रिपाठी सहित पार्षदगणों ने चर्चा में हिस्सा लिया।