आयुष्मान भवः अभियान का शुभारम्भ 13 सितम्बर को किया जाएगा

रतलाम 12 सितंबर 2023। आयुष्मान भवः अभियान का शुभारम्भ महामहिम राष्ट्रपति महोदया द्वारा 13 सितम्बर को दोपहर 12.00 बजे किया जाएगा। इसी प्रकार प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के करकमलों से दोपहर 1.00 बजे होगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला स्तरीय दिशा समिति की बैठक के दौरान जिले के जनप्रतिनिधियों द्वारा देखा व सुना जाएगा।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए सीएमएचओ डा. आनन्द चंदेलकर ने बताया कि आयुष्मान भवः अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 31 दिसंबर तक किया जाना है। आयुष्मान भवः अभियान के दौरान आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत शेष बचे पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड बनाकर प्रदान करना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर पर आयुष्मान मेलों का आयोजन, आयुष्मान ग्राम सभा का आयोजन, देह दान करने संबंधी जागरुकता कार्यक्रम हेतु संकल्प लेना, 17 सितम्बर को विशाल रक्तदान शिविर आयोजित करना, स्वच्छता अभियान आदि मुख्य गतिविधियां की जाएंगी। आयुष्मान सभा का आयोजन 2 अक्टूबर को किया जाएगा। आयुष्मान सभा के दौरान आयुष्मान भारत के पात्र हितग्राही योजना का लाभ ले चुके हितग्राहियों के नामों का वाचन, शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान करने, टीबी के मरीजों की जांच कर उपचार पूरा करने आदि गतिविधियों में पात्रता के आधार पर आयुष्मान पंचायतों का निर्धारण कर पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान माह के प्रथम सप्ताह में असंचारी रोग स्क्रीनिंग, द्वितीय सप्ताह में टीबी लेप्रोसी एवं अन्य संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, तृतीय सप्ताह में मातृत्व शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं टीकाकरण गतिविधियों का आयोजन, चतुर्थ सप्ताह में आंखों की जांच एवं स्क्रीनिंग तथा सैलाना एवं बाजना विकासखण्ड में सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग पर फोकस किया जाएगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित होने वाले मेलों में मेडिकल कालेज रतलाम के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा समस्त प्रकार की विशेषज्ञ सेवाएं, जांच उपचार आदि की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी तथा सभी नागरिकों की आभा आईडी (डिजिटल हेल्थ कार्ड) निःशुल्क बनाई जाएगी।