जिले में शासन द्वारा साढ़े चार हजार से अधिक विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिल प्रदान की गई

रतलाम 15 सितंबर 2023।रतलाम जिले में राज्य शासन की नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना अंतर्गत शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को चालू सत्र में साढे चार हजार से अधिक साइकिलें प्रदान की गई है जिससे विद्यार्थी अपनी पढ़ाई हेतु उत्साहित हुए हैं। घर से स्कूल तक आना-जाना आसान हुआ है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री के.सी. शर्मा ने बताया कि जिले के स्कूलों में 4691 विद्यार्थियों को साइकिल शासन की योजना के तहत उपलब्ध कराई गई है। जिले के विकासखंड रतलाम में 1228 विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की गई है। इसी तरह सैलाना के 611, बाजना के 544, जावरा के 727, पिपलोदा के 529 तथा आलोट विकासखंड के 1052 विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की गई है।
लोक शिक्षण संचनालय भोपाल द्वारा सीधे ही पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में साइकिल खरीदने के लिए 4500 रुपए प्रति साइकिल के मान से राशि जमा कराई गई है। जिन विद्यार्थियों के बैंक खाते गलत होने से राशि जमा नहीं हो पाई है उनके त्रुटिपूर्ण बैंक खातो को पोर्टल पर अपडेट कर दिया गया है। राशि अगले चरण में शासन स्तर से बैंक खाते में जमा हो जाएगी।