
रतलाम, 24 सितंबर 2023। आचार्य श्री विजय कुलबोधि सूरीश्वरजी म.सा. रतलाम के चातुर्मास के दौरान 25 सितम्बर से 16 दिवसीय सूरि मंत्र की आराधना शुरू करेंगे। इस आराधना के निमित्त रविवार को नगर में भव्य रथ यात्रा निकाली गई। इससे समूचा वातावरण धर्म मय हो गया।
आराधना के निमित्त जिन भगवान की प्रतिष्ठा भी रविवार को की गई। श्री देवसूर तपागच्छ चारथुई जैन श्रीसंघ गुजराती उपाश्रय, श्री ऋषभदेवजी केशरीमलजी जैन श्वेताम्बर तीर्थ पेढ़ी के तत्वावधान में भव्य रथ यात्रा का शुभारम्भ सेठजी का बाजार स. हुआ। इसमें सबसे आगे आचार्य श्री एवं संत मंडल तथा उनके पीछे समाजजन निकले। साध्वी मंडल के साथ असंख्य महिलाओ ने सहभागिता की । रथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में समाजजन के साथ सकल श्री संघ उपस्थित रहा। बैंड-बाजे के साथ रथ और युवाओ का समूह जय जयकार करते सबको आकर्षित कर रहा था।
रथ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी मोहन टाकीज पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें श्री देवसूर तपागच्छ चारथुई जैन श्रीसंघ गुजराती उपाश्रय, श्री ऋषभदेवजी केशरीमलजी जैन श्वेताम्बर तीर्थ पेढ़ी के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं एवं समाजजन उपस्थित रहे। सोमवार से आचार्य श्री 16 दिनों तक मौन साधना में रहेंगे। इस दौरान सैलाना वालों की हवेली मोहन टाकीज में आचार्य श्री विजय कुलबोधि सूरीश्वरजी म.सा. के शिष्य मुनिराज ज्ञानबोधी विजयजी म.सा.के प्रतिदिन सुबह 9.15 बजे 10.15 बजे तक प्रवचन होंगे ।