



रतलाम। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ द्वारा जन जन की आस्था के केंद्र जगत वल्लभ जैन दिवाकर प.पू. गुरुदेव श्री चौथमलजी जी म.सा. की 146वीं जन्म जयन्ती एवं ज्योतिषाचार्य उपाध्याय भगवन परम पूज्य गुरुदेव श्री कस्तूरचन्दजी म.सा. की 118वीं दीक्षा जयंती श्री जैन दिवाकर स्मारक पर नवकार मंत्र आराधक, उपप्रवर्तक श्री अरुणमुनि मसा एवं सेवाभावी श्री सुरेशमुनिजी जी म.सा. के सानिध्य में गुणानुवाद सभा के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर परम पूज्य गुरुदेव श्री अरुणमुनि जी म.सा. ने दिवाकर जी के गुणगान करते हुए बताया की बचपन से आपके मन में वैराग्य के भाव जागृत हो गए थे, बहुत ही विकट परिस्थियों के बावजूद वे अपने निर्णय से डिगे नही, उन्हें संयम से रोकने के लिये उनके ससुर ने उनको बंदूक से डराया, लेकिन वो डिगे नही और अपनी पत्नि को भी धर्मसन्देश देकर दीक्षित किया। आपकी माता केशरबाई ने भी संयम अंगीकार किया। आपने अपने संयम जीवन में कई राजा महाराजाओं को धर्म संदेश दिए और उन्हें अहिंसा के पथ की और अग्रसर किया। महलों से लेकर झोपडी तक उन्होंने धर्म जागरण किया, आदिवासियों वनवासियों दलित सबका उत्थान किया। वेश्यावृत्ति में लिप्त महिलाओं को धर्म संदेश देकर उनका जीवन परिवर्तित किया। कई चमत्कार आपने सहज की किये, चलती ट्रेन को हाथ के इशारे से रोकना और, अफीम को गुड़ बना देना ऐसी सैकड़ो घटनाएं उस वक्त के लोगों ने साक्षात देखी । साथ ही गुरुदेव ने पूज्य गुरुदेव श्री कस्तूरचन्दजी म.सा. के बारे में बताया की वो ज्योतिष के बहुत बड़े विद्वान थे, करुणा के सागर थे, कई गरीब दीन दुखियों की गुपचुप मदद करवा देते थे, हर दर्शनार्थी को मांगलिक फरमाते थे, रतलाम नीमचौक स्थानक पर लगातार 17 वर्षों तक आपने स्थिरवास किया। इस अवसर संघ अध्यक्ष ललित पटवा ने भी दोनों गुरुदेव के प्रति अपने भाव प्रकट किए एवं कस्तूर गुरु भोजन शाला को दिसम्बर माह से नियमित प्रारम्भ करने की कार्ययोजना संघ के समक्ष प्रस्तुत की। आस्था बोथरा एवं भवँरलालजी बाफना ने स्तवन प्रस्तुत किया। संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रेमकुमार जैन मोगरा द्वारा इस चातुर्मास के दौरान नियमित प्रतिक्रमण करने वाले श्रावकों का सम्मान किया गया। श्रीसंघ द्वारा नियमित प्रतिक्रमण करवाने हेतु प्रेमकुमार का सम्मान किया गया। संघ के सलाहकार महेंद्र बोथरा ने गुरुदेव के प्रति श्रद्धा सुमन व्यक्त करते हुए कहा की सच्ची श्रद्धा के साथ दिवाकर जी का सुमिरन करने वाले क सब संकट दूर हो जाते है, मेरे व्यक्तिगत जीवन में भी पिछले एक वर्ष में कई आपात घटनाएं हुई लेकिन दिवाकर जी के दिव्य आशीर्वाद से सभी संकट टल गए। नीमचौक स्थानक पर प्रतिवर्ष 8 दिवसीय जाप का आयोजन करने हेतु श्रीसंघ एवं महिलामण्डल द्वारा अजय कुमार जैन दंपत्ति का बहुमान किया गया। सम्पूर्ण कार्यक्रम के मुख्य लाभार्थी श्रीमती शांताकुमारी इंदरमल जैन (वकील सा. ) परिवार थे। धर्मसभा का संचालन महामन्त्री विनोद बाफना ने किया। इस अवसर पर संघ कोषाध्यक्ष अमृत कटारिया, पूर्व अध्यक्ष मणीलाल कटारिया, सुरेश कटारिया, अजय खमेसरा, संजय मेहता, रीतेश मूणत, महेंद्र चानोदिया, महेंद्र मालवी, विजय कटारिया, श्रेणिक कटारिया, प्रकाश रांका,डा बी. एल जैन, नवयुवक मंडल के अध्यक्ष मनीष भटेवरा, पारस मेहता, अभय गाँधी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।