गुरुवार को जैन भगवती दीक्षा ग्रहण कर संयम ग्रहण करेंगे निखिल






रतलाम, 6 दिसंबर। तीन दिवसीय संयम ग्रहण उत्सव के तहत आचार्य श्री विजय कुलबोधि सूरीश्वरजी म.सा. की निश्रा में बुधवार को मुमुक्षु निखिल कुमार की वर्षीदान यात्रा निकाली गई। 7 दिसंबर, गुरूवार को दीक्षा महोत्सव होगा | वर्षीदान यात्रा बैंड बाजे के साथ शहर के प्रमुख बाजारों से निकली। इसमें सबसे आगे आचार्य श्री चल रहे थे और उनके पीछे रथ में सवार मुमुक्षु निखिल कुमार और आगामी दिनों में दीक्षा लेने वाले अन्य मुमुक्षु गण वर्षीदान करते निकले। इनके पीछे हजारों की संख्या में धर्मालुजन चलते नजर आए।
वर्षीदान यात्रा प्रमुख मार्गो से होकर जैन कॉलोनी, सूरजपोर ग्राउंड पहुंची | यहां पांडाल में दीक्षार्थी के आते ही उपस्थित धर्मालुजनों द्वारा जोरदार जय जयकार कर उनका स्वागत सत्कार किया गया। मुनिराज श्री ज्ञानबोधि विजयजी म.सा. का 25 वें संयम वर्ष में प्रवेश होने पर उपस्थित जनों ने उनकी संयम जीवन की भी खूब अनुमोदना की। आचार्य श्री ने इस मौके पर कहा कि 25 वर्ष पूर्व 6 दिसंबर को ही मुनिराज श्री ज्ञान बोधि जी उनके पहले शिष्य बने थे। दीक्षा जीवन पर प्रकाश डालते हुए आचार्य श्री ने कहा कि जो छोड़ता है वह मालिक है और जो पकड़ता है वह गुलाम है। 21वी सदी में जब मूवी, मोबाइल, नेट, लैपटॉप है, उस दौर में निखिल कुमार सहित 6 मुमुक्षु सब चीजों को छोड़कर जा रहे है, यह इनका साहस है। ये गुलाम नहीं, मालिक बने है। इस मौके पर आचार्य श्री निश्रा में मुमुक्षु निखिल कुमार के साथ मुमुक्षु पूजा बेन बाफना बाजना, प्रीयल कुमारी शाह मुंबई, मुमुक्षु लब्धि कुमारी गोलेचा जालना, मुमुक्षु मोक्षा कुमारी धोका लिमडी, मुमुक्षु सलोनी कुमारी मेहता बड़नगर भी उपस्थित रहे।
7 दिसंबर को होगा दीक्षा का मुख्य आयोजन
दीक्षा महोत्सव के तीसरे दिन 7 दिसंबर, गुरूवार को आचार्य श्री विजय कुलबोधि सूरीश्वरजी म.सा. की निश्रा में मुमुक्षु निखिल कुमा जैन भगवती दीक्षा अंगीकार करेंगे। दीक्षा महोत्सव सुबह 8.45 बजे दीक्षा विधि के साथ शुरू होगा। श्री देवसूर तपागच्छ चारथुई जैन श्रीसंघ गुजराती उपाश्रय, श्री ऋषभदेवजी केशरीमलजी जैन श्वेताम्बर तीर्थ पेढ़ी द्वारा अधिक से अधिक संख्या में धर्मालुजों से उपस्थित रहने का आव्हान किया है।