
रतलाम । शिक्षा तो हमारे जीवन को स्थापित करने के लिए महत्वपूर्ण उपक्रम है ही इसके साथ-साथ बेहतर संस्कार हमारे जीवन को सुव्यवस्थित और उत्कृष्ट बनाते हैं। इसके लिए छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों को भी विद्यालय से इसकी शुरुआत करनी होगी जो आगे चलकर श्रेष्ट नागरिकों का निर्माण करने में सहायक होगी ।
उक्त विचार बसंत पंचमी के अवसर पर शासकीय प्राथमिक विद्यालय खारा खेड़ी में आयोजित सरस्वती उत्सव समारोह में पूर्व प्रधानाध्यापक और शिक्षक सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने व्यक्त किये । आपने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ हमारे सांस्कृतिक उत्सव त्यौहार और उनकी महत्ता की जानकारी भी देना चाहिए । छात्रों के जीवन को संवारने में अच्छी शिक्षा और अच्छे संस्कार अत्यंत आवश्यक है बसंत उत्सव मां सरस्वती की उपासना का पर्व है जो हमेशा विद्या के साथ-साथ ज्ञान और संस्कारों को प्रदान करती है । विद्यार्थियों को हमेशा मां सरस्वती का उपासक बनकर विद्या अध्ययन करना चाहिए ।
आरंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया । सरस्वती वंदना कक्षा पांचवी की छात्रा विद्या और सोम चौहान ने प्रस्तुत की। प्रधान अध्यापिका वंदना अग्निहोत्री ने स्वागत भाषण दिया । इस अवसर पर श्री शर्मा ने छात्रों को शैक्षणिक सामग्री कम्पास, पेन इत्यादि वितरित किए तथा परीक्षा से संबंधित अन्य सामग्री भी प्रदान की । कार्यक्रम का संचालन किरण सिंह ने किया तथा आभार राम कन्या ने व्यक्त किया । इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गोविंद भाबर सहित अन्य ग्रामीण जन उपस्थित थे ।