- उर्स के मौक़े पर सर्वधर्म सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न
- एसएमओ फ़ाउंडेशन के आयोजन में हुआ शाकाहारी भंडारा




रतलाम। सूफ़ी-संत हज़रत दादा गुलाब शाह वली रह. के तारीख़ी उर्स के मौक़े पर निशुल्क सर्वधर्म सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न हुआ। एसएमओ फ़ाउंडेशन द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में हिंदू व मुस्लिम 27 जोड़ों ने अपने-अपने धार्मिक रीति-रिवाज से विवाह के पवित्र बंधन में बंध कर गृहस्थ आश्रम में प्रवेश किया। इस विवाहोत्सव में शाकाहारी भंडारे की व्यवस्था की गई थी।
आयोजकों द्वारा बताया गया कि विवाह के पवित्र बंधन में बंधे कुल 27 जोड़ों में से 22 जोड़े मुस्लिम व 5 जोड़े हिंदू धर्म से थे। पंडित संजय शिवशंकर दवे द्वारा विधि-विधान से 5 जोड़ों के वैवाहिक संस्कार संपन्न कराए गए। वहीं मुस्लिम जोड़ों के निकाह क़ाज़ी आसिफ़ अली व हाफ़िज़ आबिद हुसैन ने पढ़ाए। इस पुणित आयोजन के साक्षी बनने लोग रतलाम, उज्जैन, मंदसौर, धार, बांसवाड़ा, उदयपुर आदि स्थानों से पधारे थे। सम्मेलन के आयोजन में महती योगदान देने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सय्यद मोहब्बत अली ने अतिथिगणों का सांफ़ा बांध कर स्वागत किया।
इस मौक़े पर आयोजित भंडारे में वर-वधु व अतिथियों सहित जन-सामान्य ने शाकाहारी भोजन का आनंद लिया। एसएमओ फाउंडेशन की ओर से दुल्हनों को उपहारस्वरूप दीवान, अलमारी, बिस्तर सहित घरेलु सामान भी भेंट किया गया। आपसी प्रेम व भाईचारे का संदेश देते इस सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जश्ने-ग़ौसिया कमेटी के सदस्यगण सय्यद मोहब्बत अली, विनोद बाफना, पिंकल जैन, सैयद अहमद अली, गोलू, शौकत अंसारी, इक़रार चौधरी, मुहम्मद मियां, शाहिद अली, बाबू भाई आदि निरंतर सक्रिय रहे, जिससे यह महती आयोजन व्यवस्थित व सुचारू रूप से संपन्न हुआ। आभार असग़र अली ने माना।