
रतलाम । पीड़ित मनुष्यों की सेवा करना तो पुण्य का कार्य है लेकिन मानवीय प्राकृतिक अवरोधों से ग्रसित बालकों की सेवा करना श्रेष्ठतम मानवीय सेवा है। सौभाग्य की बात है कि शासन के साथ-साथ सामाजिक संस्थाएं भी इन संस्थानों में अध्ययनरत बच्चों की आवश्यकताओं की पूर्ति करने में लगी हुई है। विशेष कर लायंस क्लब अपनी सेवा गतिविधियों का केंद्र इन संस्थाओं को बना रही है।
उपरोक्त विचार लायंस क्लब रतलाम क्लासिक द्वारा पोलो ग्राउंड स्थित मूकबधिर विद्यालय में स्वर्गीय नर्मदा देवी शर्मा की स्मृति में विद्यालय को कारपेट प्रदान करते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन यश शर्मा जी ने व्यक्त किये । आपने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता सेवा कार्य है और इससे हमें कभी भी पीछे नहीं हटना है । विद्यालय में पढ़ने वाले शिक्षक भी बधाई के पात्र हैं जो समर्पित होकर अपना कार्य करते हैं। रीजन चेयरपर्सन लायन दिनेश शर्मा ने कहा कि इन बच्चों के साथ प्राकृतिक विसंगति ईश्वर का निर्णय है । लेकिन इनका जोश और उत्साह बढ़ाना हमारे हाथ में है और उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति करना सरकार के साथ-साथ समाज और स्वयंसेवी संस्थाओं का भी कर्तव्य है इसे हमें पूरा करना होगा । झोन चेयरपर्सन प्रीति सोलंकी ने भी अपने विचार व्यक्त किए । अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष चेतन परिहार, सचिन, आशीष जोशी, महेश व्यास, संदीप निगम, दिलीप वर्मा, सुनील के. जैन, बी.के. महेश्वरी आदि उपस्थित थे । स्वागत भाषण क्लब अध्यक्ष चेतन परिहार ने दिया । संचालक संदीप निगम तथा आभार विद्यालय के प्रबंधक सतीश तिवारी ने व्यक्त किया ।