विश्व स्वास्थ्य दिवस का आयोजन 7 से 21 अप्रैल तक किया जाएगा

रतलाम 6 अप्रैल 2024। विश्व स्वास्थ्य दिवस 7 अप्रैल से 21 अप्रैल तक मनाया जाएगा । कार्यक्रम के दौरान इस वर्ष की थीम “मेरा स्वास्थ्य मेरा अधिकार” निर्धारित की गई है । सीएमएचओ डॉ. आनंद चंदेलकर ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर पखवाड़े के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित कर हेल्थ एंड वैलनेस गतिविधियों का आयोजन उमंग कार्यक्रम के अंतर्गत किया जाएगा जिसमें किशोर किशोरियों के स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। किशोर किशोरियों को पियर एजुकेटर के रूप में चिन्हित कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श सेवाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
पखवाड़े के दौरान मेरा स्वास्थ्य मेरा अधिकार विषय पर चिकित्सकों, परामर्शदाताओं एवं स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के साथ सेमिनार एवं कार्यशाला आदि का आयोजन किया जाएगा। एनीमिया, आंखों की जांच, दांतों की जांच आदि स्वास्थ्य देखभाल के संबंध में स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जाएगा। रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। किशोर किशोरियों के स्वास्थ्य पर आधारित “जस्ट आस्क चैट बोट” के संबंध में जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएगी।