मतदान प्रेरणा पंजी पर हस्ताक्षर कर ले रहे हैं मतदान का संकल्प

रतलाम । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेश बाथम के मार्गदर्शन तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत व स्वीप नोडल श्री श्रृंगार श्रीवास्तव के निर्देशन में रतलाम ज़िले में विशिष्ट स्वीप गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके तहत मतदान प्रेरणा पंजियों पर मतदाता अपने हस्ताक्षर करके मतदान का संकल्प ले रहे हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्री रजनीश सिन्हा ने बताया कि जिले में कार्यरत 8 हजार समूहों की दीदियों तथा 3 हजार 700 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं ने मतदान प्रेरणा पंजियां तैयार की है। पंजी में स्वतंत्र, निष्पक्ष, नैतिक व अनिवार्य मतदान का संकल्प लिखा गया है। संकल्प पर मतदाताओं की जानकारी दर्ज की जा रही है। संकल्प सभी मतदाताओं को पढ़कर सुनाया जा रहा है। साथ ही प्रेरकों द्वारा सहज, सरल, सुगम मतदान की जानकारी भी दी जा रही है। उक्त मतदान प्रेरणा पंजी में मतदाता का नाम, ईपिक नंबर भी दर्ज किया जाकर संकल्प दिलवाने का कार्य पूरे जिले में किया जा रहा है। मतदान दिवस के पूर्व उक्त मतदान पंजी जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा की जावेगी।